वजूद खोती भागलपुर की पहचान: अब महज 200 एकड़ तक सिमटी सुगंधित 'कतरनी धान' की खेती

भागलपुर की पहचान कतरनी धान अब संकट में है। जानिए क्यों किसान इस सुगंधित चावल की खेती से किनारा कर रहे हैं।

Puja Singh26 November 20262 min read0 viewsCity Local
वजूद खोती भागलपुर की पहचान: अब महज 200 एकड़ तक सिमटी सुगंधित 'कतरनी धान' की खेती

रेशमी शहर भागलपुर की पहचान सिर्फ यहां के सिल्क या जर्दालू आम से ही नहीं है, बल्कि अपनी खास महक और लाजवाब स्वाद के लिए मशहूर 'कतरनी धान' से भी है। अपनी अनूठी सुगंध के कारण इस चावल की मांग देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी रहती है। लेकिन बेहद दुखद बात यह है कि जिस कतरनी धान ने भागलपुर को दुनिया भर में पहचान दिलाई, आज वही अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहा है। कभी बड़े पैमाने पर उगाई जाने वाली इस फसल का रकबा अब घटकर महज 200 एकड़ तक ही सीमित रह गया है।

भागलपुर के साथ-साथ पड़ोसी जिलों मुंगेर और बांका के कुछ हिस्सों में पारंपरिक रूप से इसकी खेती होती रही है। स्थानीय किसानों का दर्द है कि उनके पूर्वज बड़े पैमाने पर कतरनी धान उगाते थे, लेकिन आज के दौर में कई चुनौतियों ने किसानों को इस फसल से दूर कर दिया है। सबसे बड़ी समस्या यह है कि कतरनी धान को तैयार होने में सामान्य धान के मुकाबले कहीं ज्यादा समय और पानी की जरूरत होती है। सिंचाई की उचित व्यवस्था न होने के कारण किसान इस फसल को उगाने में कतराते हैं।

कम पैदावार और बिचौलियों का खेल बना बड़ी चुनौती

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

किसानों के सामने आर्थिक चुनौती सबसे बड़ी है। कतरनी धान की फसल तैयार होने में लंबा समय लगता है, जिसकी वजह से किसान साल में केवल एक ही फसल ले पाते हैं। इसके विपरीत, धान की अन्य उन्नत किस्मों की खेती कर वे साल में दो फसलें ले लेते हैं, जिससे मुनाफा ज्यादा होता है। उत्पादन के मोर्चे पर भी कतरनी पिछड़ रही है; जहां एक बीघा में कतरनी की उपज केवल 7 से 8 क्विंटल होती है, वहीं दूसरी किस्मों से 10 से 12 क्विंटल तक की पैदावार मिल जाती है।

इतना ही नहीं, किसानों की कमर बिचौलिये और व्यापारी तोड़ रहे हैं। किसानों से यह धान बेहद कम कीमत पर खरीदा जाता है, जबकि बाजार में कतरनी चावल ऊंचे दामों पर बेचा जाता है। मेहनत के मुकाबले उचित दाम न मिलना किसानों के लिए इस खेती को घाटे का सौदा बना रहा है।

हैरानी की बात यह है कि कृषि विभाग ने समय-समय पर कतरनी धान के संरक्षण और इसके विस्तार के लिए कई दावे किए, लेकिन ये योजनाएं केवल कागजों तक ही सिमट कर रह गईं। जमीन पर कोई ठोस असर नहीं दिखा। अगर जल्द ही सिंचाई की समस्या दूर नहीं हुई और किसानों को उनकी उपज का सही दाम नहीं मिला, तो भागलपुर की यह अनमोल विरासत जल्द ही इतिहास बन जाएगी।

Share:

Comments

Leave a comment