भागलपुर: जमीन विवाद में खूनी खेल, दुकान जाते समय शख्स की गोली मारकर हत्या

भागलपुर के बबरगंज में जमीन विवाद के चलते नंदलाल यादव की गोली मारकर हत्या। पत्नी ने देवर शंभू यादव पर लगाया आरोप।

Talat Praveen14 November 20262 min read0 viewsCity Local
भागलपुर: जमीन विवाद में खूनी खेल, दुकान जाते समय शख्स की गोली मारकर हत्या

बिहार के भागलपुर जिले में एक बार फिर जमीन विवाद ने रिश्तों को लहूलुहान कर दिया है। बबरगंज थाना क्षेत्र के अलीगंज महेशपुर में शनिवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब कबीर आश्रम के पास एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया है और पुलिस अब मामले की गहराई से छानबीन कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान नंदलाल यादव उर्फ नंदू यादव के रूप में हुई है। शनिवार की सुबह नंदलाल अपने घर से महज 50 मीटर दूर एक दुकान पर चाय पीने जा रहे थे। इसी बीच घात लगाए बैठे हमलावर ने उन पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां चला दीं। गोलियां उनके सिर और पेट में लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

देवर पर लगा हत्या का आरोप, पहले भी हुई थी कोशिश

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

इस हत्याकांड में मृतक की पत्नी झूना देवी ने अपने ही देवर शंभू यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि जब गोलियों की आवाज सुनकर वह घर से बाहर निकलीं, तो उन्होंने शंभू यादव को गोली मारकर भागते हुए देखा। पत्नी का दावा है कि दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।

झूना देवी ने यह भी आरोप लगाया कि शंभू यादव पहले भी उनके पति की जान लेने की कोशिश कर चुका था, जिसकी शिकायत थाने में की गई थी, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इसके अलावा, उन्होंने बताया कि उनके पति ने शंभू यादव को सात लाख रुपये कर्ज भी दिए थे।

घटना की सूचना मिलते ही मुख्यालय डीएसपी मोहम्मद अयूब, बबरगंज, मोजाहिदपुर और हबीबपुर थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी सबूत जुटाए हैं। डीएसपी मोहम्मद अयूब ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पत्नी द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है।

Share:

Comments

Leave a comment