भागलपुर के विधायक रोहित पांडे ने पटना में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की और शहर के विकास को लेकर चर्चा की। इस बैठक में शहर के लिए एक 'विकास प्राधिकरण' बनाने की मांग की गई है।
- बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग
- जलजमाव से स्थायी राहत की बात
- स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट का विजन डॉक्यूमेंट जारी करने का आग्रह
भागलपुर विधायक रोहित पांडे ने बिजली ग्रिड को अपग्रेड करने की मांग की। उन्होंने जर्जर पोल और तारों को बदलने, 11 केवी और 33 केवी लाइनों को कवर करने, भूमिगत केबल बिछाने और टीएनबी कॉलेज, शीतला स्थान चौक, जीरो माइल और आदमपुर में नए पावर हाउस बनाने का अनुरोध किया।
जलजमाव की पुरानी समस्या को दूर करने के लिए वैज्ञानिक सर्वे कराने को कहा गया। इसके अलावा हथिया नाला और उससे जुड़े नालों की उड़ाही करने तथा स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज प्रोजेक्ट के अगले चरण में तेजी लाने की मांग की गई ताकि लोगों को इस परेशानी से हमेशा के लिए छुटकारा मिल सके।
भागलपुर विधानसभा क्षेत्र के दक्षिणी हिस्से के लिए एक विशेष विकास योजना की मांग की गई। इसमें सड़क, नाली और सार्वजनिक पार्क का विकास शामिल है। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट को लेकर उन्होंने सरकार से एक व्यापक विजन डॉक्यूमेंट और 3D डिजिटल विजुअलाइजेशन जारी करने का आग्रह किया ताकि शहर के भविष्य के स्वरूप को लोग समझ सकें। साथ ही, बिजली, पानी और इंटरनेट के काम के लिए विभागों में बेहतर तालमेल की बात कही ताकि बार-बार सड़कें न खोदनी पड़ें।