पटना की तर्ज पर अब भागलपुर नगर निगम जारी करेगा म्युनिसिपल बॉन्ड
पटना की तर्ज पर अब भागलपुर नगर निगम भी म्युनिसिपल बॉन्ड जारी करेगा। मेयर डॉ. बसुंधरा लाल ने शहरी विकास विभाग से मांगी अनुमति।

पटना नगर निगम द्वारा नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर 200 करोड़ रुपये के म्युनिसिपल बॉन्ड की सफल लिस्टिंग के बाद अब भागलपुर की बारी है। भागलपुर नगर निगम भी इसी राह पर चलते हुए फंड जुटाने के लिए म्युनिसिपल बॉन्ड जारी करने की तैयारी कर रहा है। इस दिशा में कदम बढ़ाते हुए मेयर डॉ. बसुंधरा लाल ने हाल ही में पटना में आयोजित लिस्टिंग समारोह में शिरकत की और शहर के विकास के लिए इस वित्तीय मॉडल को अपनाने की पहल की है।
मंगलवार को आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान मेयर डॉ. बसुंधरा लाल ने शहरी विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार से खास मुलाकात की। इस चर्चा के दौरान उन्होंने औपचारिक रूप से अनुरोध किया कि भागलपुर नगर निगम को भी म्युनिसिपल बॉन्ड जारी करने की अनुमति दी जाए, ताकि शहर में बुनियादी ढांचे और विकास कार्यों के लिए पर्याप्त संसाधन जुटाए जा सकें।
जलजमाव से मिलेगी मुक्ति, जल्द शुरू होगा ड्रेनेज प्रोजेक्ट
म्युनिसिपल बॉन्ड के अलावा मेयर ने शहर की एक और बड़ी समस्या यानी जलजमाव का मुद्दा प्रधान सचिव के सामने रखा। उन्होंने मांग की कि भागलपुर में बार-बार होने वाले जलजमाव से स्थायी निजात दिलाने के लिए प्रस्तावित स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज प्रोजेक्ट को जल्द से जल्द लागू किया जाए।
मेयर की मांगों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए प्रधान सचिव विनय कुमार ने आश्वासन दिया कि पटना के बाद अब भागलपुर नगर निगम की म्युनिसिपल बॉन्ड लिस्टिंग की प्रक्रिया को सुविधाजनक बनाया जाएगा। साथ ही, उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि शहर की जल निकासी व्यवस्था को सुधारने के लिए ड्रेनेज प्रोजेक्ट पर काम जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा।