भागलपुर नगर निगम की अहम बैठक: वेंडिंग जोन, अतिक्रमण और नई सफाई एजेंसी पर होगा बड़ा फैसला

मेयर डॉ. बसुंधरा लाल की अध्यक्षता में भागलपुर नगर निगम की बैठक होगी, जिसमें शहर की सफाई, अतिक्रमण और नए प्रोजेक्ट्स पर फैसला लिया जाएगा।

Talat Praveen26 November 20262 min read0 viewsCity Local
भागलपुर नगर निगम की अहम बैठक: वेंडिंग जोन, अतिक्रमण और नई सफाई एजेंसी पर होगा बड़ा फैसला

भागलपुर शहर की सूरत बदलने और बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने के लिए नगर निगम की एक महत्वपूर्ण स्टैंडिंग कमेटी की बैठक गुरुवार, 27 नवंबर को आयोजित की जा रही है। मेयर डॉ. बसुंधरा लाल की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में शहर के बुनियादी ढांचे, सौंदर्यीकरण और वित्तीय पारदर्शिता जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा होगी। म्युनिसिपल कमिश्नर किसलय कुशवाहा द्वारा तैयार किए गए एजेंडे में शहर के कई वार्डों के विकास और सफाई व्यवस्था को लेकर कई बड़े प्रस्ताव शामिल हैं।

बैठक में वार्ड नंबर 50 के मिरजनहाथ रोड स्थित ट्रांसफर स्टेशन को स्थानांतरित करने और वहां एक चार्जिंग स्टेशन के साथ मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स बनाने पर विचार किया जाएगा। वहीं, डिप्टी मेयर डॉ. सलाहुद्दीन अहसन ने वार्ड 5 के गुदरी बाजार में नगर निगम की जमीन पर मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स बनाने का प्रस्ताव रखा है। शहर को आधुनिक लुक देने के लिए नाथनगर स्टेशन के बाहर प्राथमिक विद्यालय के पास और अलिनगर रेलवे फाटक जैसे विभिन्न स्थानों पर 'I Love Bhagalpur' बोर्ड लगाने की योजना है। इसके अलावा, वार्ड 8 के वेंडिंग जोन में दुकानों के आवंटन, मछली पट्टी रोड से अतिक्रमण हटाकर पार्क बनाने और वार्ड 15 की गलियों में सीसीटीवी कैमरे लगाने जैसे मुद्दों पर भी बात होगी।

सफाई कर्मचारियों की मांगें और नई एजेंसी की एंट्री

शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है। 1 दिसंबर से 'लायन सिक्योरिटी' नामक नई एजेंसी कमान संभालने जा रही है, जिसने करीब एक दर्जन ऑटो टिपर भी तैयार रखे हैं। हालांकि, इस बदलाव के बीच सफाई कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। कर्मचारियों ने मेयर और अधिकारियों के सामने अपनी मांगों का पुलिंदा रखा है, जिसमें वेतन आधारित वार्षिक बोनस, दैनिक उपस्थिति दर को 503 रुपये से बढ़ाकर 700 रुपये करना, वार्ड सुपरवाइजरों के लिए ईंधन और मोबाइल भत्ता, तथा सभी कर्मचारियों के लिए 10 लाख रुपये का ग्रुप इंश्योरेंस शामिल है। महिला सफाई कर्मियों ने तीन दिन की विशेष छुट्टी की मांग की है और बायोमेट्रिक की जगह वापस जीपीएस आधारित अटेंडेंस शुरू करने की अपील की है।

बैठक में विकास कार्यों की गुणवत्ता और टेंडर प्रक्रिया पर भी सवाल उठने की उम्मीद है। सदस्य संजय कुमार सिन्हा वार्ड 21 में नालियों और सड़कों के निर्माण की गुणवत्ता जांचने और बिहार गजट संशोधन अध्यादेश की विस्तृत रिपोर्ट मांगने वाले हैं। साथ ही, छठ घाटों की सफाई पर हुए खर्च और लीगेसी वेस्ट (बायोमाइनिंग) प्रोजेक्ट के भुगतान व टेंडर से जुड़ी विसंगतियों पर भी चर्चा होगी। मेयर ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया है कि नियमों के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी, जबकि सफाई प्रभारी आदित्य जायसवाल का कहना है कि टेंडर में कर्मचारियों के कल्याण का पूरा ध्यान रखा गया है।

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment