भागलपुर: दो बच्चों के हत्यारोपित को सौंपने की मांग पर नाथनगर थाने के सामने भारी हंगामा, सड़क जाम

भागलपुर के नाथनगर में दो मासूम बच्चों की हत्या के मुख्य आरोपी सुभाष मंडल को सौंपने की मांग को लेकर मंगलवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। मृत बच्चों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने नाथनगर थाना के सामने टायर जलाकर सड़क जाम कर दिया और करीब एक घंटे तक पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी के बाद परिजन उसे ढूंढते हुए जीरोमाइल थाना पहुंचे, जहां उन्हें पता चला कि उसे कचहरी ले जाया गया है। कचहरी पहुंचने पर आरोपी के परिजनों के साथ मारपीट भी हुई। जब आरोपी वहां नहीं मिला, तो आक्रोशित लोग सीधे नाथनगर थाना पहुंचे और दोपहर 3:30 से शाम 4:30 बजे तक प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर पहुंचे अंचल निरीक्षक रंजीत रजक ने लोगों से लिखित मांग मांगी, जिसके बाद कार्रवाई के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी को फांसी देने की मांग की है। कुछ लोगों ने 20 मई को पांच बच्चियों के लापता होने की घटना के लिए भी सुभाष मंडल को जिम्मेदार ठहराया, हालांकि वे बच्चियां बाद में बरामद हो गई थीं।
एसएसपी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्य आरोपी सुभाष मंडल ने एक तीन वर्षीय दिव्यांग बच्चे की हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसने बताया कि उसने यह वारदात अपनी पत्नी सुलखा देवी के साथ मिलकर की। हालांकि, उसने तीन वर्षीय आदित्य कुमार की हत्या से इनकार किया है और कहा कि यह किसी और का काम हो सकता है। पुलिस अब आरोपी के बयानों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। नाथनगर थाने के इंस्पेक्टर अभय शंकर ने बताया कि दिव्यांग हत्याकांड के मुख्य आरोपी सुभाष मंडल को सोमवार को अमड़डा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया था।