भागलपुर स्टेशन से नाथनगर थाना चौक के बीच पांच किलोमीटर की दूरी तय करने में लोगों को भारी परेशानी हो रही है। एनएच-80 पर अवैध कब्जे की वजह से रोज भयंकर जाम लगता है।
- दस मिनट का सफर 30 से 45 मिनट में पूरा हो रहा है
- रामपुर खुर्बाद और अनाथालय रोड पर अवैधोटो स्टैंड बन गए हैं
- रामवती कन्या मध्य विद्यालय के सामने ऑटो स्टैंड से छात्राओं को परेशानी हो रही है
रहवासी ज्योति प्रकाश लाल, मुकेश राय, धीरज आनंद और मनोज यादव ने बताया कि रामपुर खुर्द और अनाथालय रोड पर अवैध ऑटो स्टैंड बन गए हैं।
रामवती कन्या मध्य विद्यालय के गेट के ठीक सामने ऑटो स्टैंड बन जाने से वहां आने वाली स्कूली बच्चियों के साथ अक्सर बदसलूकी होती है। स्कूल के प्रधानाध्यापक का कहना है कि इस माहौल का असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। इसके अलावा, नाथनगर थाने के पास बिना लाइसेंस वाले कम उम्र के ऑटो चालक बीच सड़क पर गाड़ी खड़ी करके सवारी बैठाते हैं। अनाथालय रोड पर दोनों तरफ के दुकानदारों ने सड़क पर कब्जा कर रखा है, जिससे वह जगह ऑटो और ई-रिक्शा का अड्डा बन गई है।
दिनेश गुप्ता, भावेश गुप्ता, आलोक कुमार, गौरव कुमार, चंदन और टिंकू सहित कई स्थानीय लोगों ने ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए एक पक्का अधिकृत ऑटो स्टैंड बनाने की मांग की है।
लोगों ने स्थानीय पुलिस से इस जाम को खत्म करने के लिए तुरंत कदम उठाने की अपील की है। इस मामले पर भागलपुर के ट्रैफिक डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि नाथनगर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने का काम जल्द शुरू किया जाएगा। नाथनगर थाना चौक पर एक पक्का ट्रैफिक सिपाही तैनात करने की योजना पर काम चल रहा है। इसके अलावा, बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के अवैध रूप से गाड़ी चलाने वाले चालकों पर जुर्माना लगाया जाएगा।