भागलपुर और नौगछिया को जोड़ने वाला बेली ब्रिज बुधवार रात 12 बजे से तीन महीने के लिए बंद कर दिया गया है। इस दौरान दोनों जगहों के बीच आने-जाने के लिए जलमार्ग मुख्य साधन रहेगा। डीएम अलंकृता पाण्डेय और एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने गुरुवार सुबह से शुरू होने वाली फेरी सेवा की तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने टिकट काउंटर, लाइन प्रबंधन, सुरक्षा और चढ़ने की प्रक्रिया की जांच की।
फेरी सेवा भागलपुर और नौगछिया के बीच रोजाना सुबह 6:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक चलेगी।
भागलपुर में यह सेवा एफएम मॉल के पास बियाडा क्षेत्र से संचालित होगी। यात्रियों को टिकट खरीदना होगा और लाइन में लगकर नाव पर चढ़ना होगा।
यात्रियों की सुरक्षा के लिए फेरी घाटों पर पुलिस बल तैनात रहेगा और प्रशासनिक टीमें भीड़ तथा ट्रैफिक पर नजर रखेंगी। स्वास्थ्य विभाग ने आपात स्थिति के लिए मेडिकल कैंप लगाया है और यात्रियों के खाने के लिए दीदी की रसोई खुलेगी। भारी और मालवाहक वाहनों के लिए बाबुपुर मोड़ से कार्गो जहाज चलेंगे ताकि जरूरी सामान की आपूर्ति बनी रहे।