भागलपुर-नउगाचिया जलमार्ग सेवा ठप: जहाजों की कमी से यात्री परेशान, मरीजों को ले जाने में डर

विक्रमशिला सेतु बंद होने के बीच भागलपुर-नउगाचिया जलमार्ग पर जहाजों का संचालन ठप होने से यात्रियों और मरीजों की बढ़ी मुश्किलें।

Puja Singh29 November 20262 min read0 viewsCity Local
भागलपुर-नउगाचिया जलमार्ग सेवा ठप: जहाजों की कमी से यात्री परेशान, मरीजों को ले जाने में डर

विक्रमशिला सेतु के मरम्मत कार्य के कारण बंद होने के बाद अब भागलपुर और नउगाचिया के बीच चलने वाली जलमार्ग सेवा ने यात्रियों की मुसीबतें बढ़ा दी हैं। जहाजों की भारी कमी और एक बड़े कार्गो जहाज के संचालन बंद होने से नदी घाटों पर भारी भीड़ उमड़ रही है। खासकर शादी-ब्याह के सीजन और छुट्टी के दिन यात्रियों की संख्या इतनी बढ़ गई कि उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।

भागलपुर के बियाडा घाट और नउगाचिया के जान्हवी चौक घाट पर यात्रियों की भारी भीड़ देखी जा रही है। सबसे ज्यादा परेशानी उन लोगों को हो रही है जिन्हें गंभीर मरीजों या गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुँचाना है। सुरक्षा कारणों और हालिया घटनाओं की वजह से अब लोग जलमार्ग से मरीजों को ले जाने में कतरा रहे हैं।

टेंडर खत्म होने से रुका जहाज, बीच गंगा में फंसी नाव

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

इस संकट की मुख्य वजह जेरिया एजेंसी द्वारा संचालित एक बड़े कार्गो जहाज का बंद होना है। एजेंसी के संचालक राज शेखर के मुताबिक, सरकारी टेंडर की अवधि समाप्त हो जाने के कारण पिछले दो दिनों से इस जहाज का संचालन बंद है। उन्होंने बताया कि वे नए टेंडर की प्रक्रिया में शामिल हैं और यदि नया कॉन्ट्रैक्ट नहीं मिला, तो अन्य जहाजों को लीज पर लेकर सेवा बहाल करने की कोशिश करेंगे।

मुसीबतों का सिलसिला यहीं नहीं रुका; शनिवार को नउगाचिया से भागलपुर जा रही एक नाव बीच गंगा में ही फंस गई। करीब डेढ़ घंटे तक यात्री दहशत में रहे, जिसके बाद उन्हें सुरक्षित घाट तक पहुँचाया गया। इस घटना ने यात्रियों के मन में डर पैदा कर दिया है।

गौरतलब है कि 1 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक विक्रमशिला सेतु मरम्मत के लिए बंद रहेगा, जिससे यह जलमार्ग ही आवाजाही का एकमात्र विकल्प बचा है। ऐसे में जहाजों की कमी और तकनीकी खराबी ने स्थानीय प्रशासन और आम जनता की चिंता बढ़ा दी है।

Share:

Comments

Leave a comment