भागलपुर: नवाबबाग और लालबाग कॉलोनी में जलजमाव से लोग परेशान, डेढ़ साल से नहीं मिला समाधान

भागलपुर के वार्ड संख्या 32 स्थित नवाबबाग और लालबाग कॉलोनी के निवासी पिछले डेढ़ साल से जलभराव की गंभीर समस्या झेल रहे हैं। मानसून शुरू होते ही इन निचले इलाकों में नाले और बारिश का पानी जमा होने लगता है। नगर निगम द्वारा पानी की निकासी के लिए किए गए इंतजाम नाकाफी साबित हो रहे हैं, जिससे भारी बारिश के बाद कई दिनों तक इलाके में पानी जमा रहता है। इस वजह से पूरे क्षेत्र में बदबू फैल रही है और मच्छरों के कारण बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
स्थानीय निवासी रोहन कुमार, नीरज सिंह, मोनू कुमार और पवन साह के अनुसार, मुख्य सड़क पर अंग्रेजों के जमाने का एक बहुत संकरा कलवर्ट (पुलिया) है, जो जलभराव की बड़ी वजह है। पुलिया छोटी होने के कारण पानी का बहाव सही नहीं होता और सारा पानी मोहल्ले में ही लौट आता है। दो महीने पहले निगम प्रशासन की टीम ने निरीक्षण कर जल्द समाधान का भरोसा दिया था और नगर आयुक्त ने स्थायी समाधान के लिए रेल विभाग से संपर्क करने की बात कही थी, लेकिन अब तक कोई सुधार नहीं हुआ है।
हैरानी की बात यह है कि समस्या के समाधान के लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, लेकिन डेढ़ महीना बीत जाने के बाद भी संवेदक (कॉन्ट्रैक्टर) ने निर्माण कार्य शुरू नहीं किया है। संवेदक की लापरवाही और निगम प्रशासन की ढिलाई के कारण स्थानीय लोगों में काफी गुस्सा है और लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। इस मामले पर योजना शाखा प्रभारी आदित्य जायसवाल ने कहा कि नवाबबाग कॉलोनी में वैकल्पिक व्यवस्था की गई है और नाला जाम होने पर उसकी जल्द सफाई कराई जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि कलवर्ट का काम फाइनल हो चुका है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा।