भागलपुर में प्याज और चीनी 70 रुपये किलो बिके, जानिए महंगाई का हाल

भागलपुर में महंगाई चरम पर है जहां प्याज और चीनी एक ही भाव यानी 70 रुपये प्रति किलो बिक रहे हैं। ग्रामीण इलाकों में प्याज कहीं-कहीं 65 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। भागलपुर के गिरधारी साह हाट से लेकर तंग गलियों तक दोनों चीजें एक ही भाव पर मिल रही हैं। इस महंगाई ने आम जनता का बजट बिगाड़ दिया है और गृहिणियों के सामने यह सवाल है कि चाय में चीनी डालें या सब्जी में प्याज का तड़का लगाएं। किराना दुकानदार चीनी और प्याज ऐसे तौल रहे हैं जैसे 24 कैरेट सोना हो। थोक कारोबारी आवक कम होने की बात कह रहे हैं।