भागलपुर: घने कोहरे और गलत लेन के ट्रक ने पलटी पिकअप, सैकड़ों मुर्गों की मौत

भागलपुर के नाथनगर में गलत लेन से आ रहे ट्रक को बचाने के प्रयास में पिकअप पलटी, सैकड़ों मुर्गों की मौत से कारोबारी को भारी नुकसान।

Banibrata Chakraborty22 November 20262 min read0 viewsSad/Bad
भागलपुर: घने कोहरे और गलत लेन के ट्रक ने पलटी पिकअप, सैकड़ों मुर्गों की मौत

बिहार के भागलपुर जिले में घने कोहरे का कहर जारी है। नाथनगर के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र में किशनपुर बाईपास के पास रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें बेगूसराय से मुर्गों की खेप लेकर जा रही एक बोलेरो पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में वाहन पर लदे सैकड़ों मुर्गों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे कारोबारी को करीब डेढ़ से दो लाख रुपये का बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

जानकारी के मुताबिक, चालक मोहम्मद छोटू बेगूसराय से मुर्गे लोड कर भागलपुर के हबीबपुर की ओर जा रहे थे। जैसे ही गाड़ी किशनपुर बाईपास के पास पहुंची, घने कुहासे के कारण विजिबिलिटी बहुत कम थी। इसी बीच सामने से गलत लेन में एक तेज रफ्तार ट्रक आ गया। ट्रक बिल्कुल करीब आने के बाद, टक्कर से बचने के लिए चालक ने अचानक जोर से ब्रेक लगाया, जिससे तेज रफ्तार पिकअप असंतुलित होकर सड़क किनारे पलट गई।

बाल-बाल बचा चालक, पुलिस ने क्रेन से उठाई गाड़ी

राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में चालक मोहम्मद छोटू को कोई गंभीर चोट नहीं आई और वह सुरक्षित बच गए। लेकिन पिकअप के पलटते ही उसमें लदे सैकड़ों मुर्गे दब गए और उनकी मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर मधुसूदनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से पलटी हुई पिकअप वैन को सीधा करवाकर उसे थाने ले गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कोहरे की वजह से बाईपास मार्ग पर दृश्यता बेहद कम हो गई है, जिससे हादसे बढ़ रहे हैं। गौरतलब है कि महज दो दिन पहले भी इसी इलाके के मनोहरपुर-किशनपुर बाईपास मोड़ के पास कोहरे के कारण एक अज्ञात वाहन ने कार को टक्कर मार दी थी, जिसमें दो लोगों की जान चली गई थी और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे। लगातार हो रहे इन हादसों से वाहन चालकों में डर का माहौल है।

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment