भागलपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हथियार के साथ दो अपराधी गिरफ्तार

भागलपुर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पीरपैंती और यूनिवर्सिटी थाना क्षेत्र से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। सिटी एसपी अतुलेश झा ने पुलिस कंट्रोल रूम में प्रेस कांफ्रेंस कर इसकी पूरी जानकारी दी।
- पीरपैंती और यूनिवर्सिटी थाना क्षेत्र में पुलिस ने की कार्रवाई
- एक देसी कट्टा, एयर गन, तलवार और अन्य सामान बरामद
- फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी
पीरपैंती में हत्या की कोशिश और गिरफ्तारी
शुक्रवार शाम को पीड़ित परवेज अंसारी घर लौट रहे थे, तभी इमामबाड़ा के पास चार लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने तलवार लहराई और जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। पीरपैंती थानाध्यक्ष पंकज राउत ने मौके से एक खाली कारतूस बरामद किया। एसएसपी प्रमोद कुमार यादव के निर्देश पर एक विशेष पुलिस टीम बनाई गई। टीम ने नोवा टोली में छापेमारी कर मुख्य आरोपी मो. इकबाल अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने एक एयर गन, एक लाइटर गन, पिस्तौल का कवर, एक धारदार तलवार, पांच मोबाइल फोन और एक डिजिटल पैमाना जब्त किया है। पुलिस फरार चल रहे तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पीरपैंती की इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष पंकज कुमार राउत और एसआई सुनील कुमार, संगम कुमारी, प्रमोद दास, ब्रजकिशोर चौधरी तथा अमरजीत कुमार शामिल थे।
यूनिवर्सिटी थाना क्षेत्र में अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार
दूसरी घटना में यूनिवर्सिटी थाना क्षेत्र के पार्वती इलाके के स्थानीय लोगों ने पुलिस और डायल 112 टीम को सूचना दी। लोगों ने देखा कि एक युवक अवैध देसी कट्टा लहराकर पैदल चलने वालों को डरा रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और पार्वती निवासी रमेश मंडल के बेटे धीरज मंडल को घेरकर गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक लोडेड देसी कट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में लग रहा था। यूनिवर्सिटी थाने में उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। यूनिवर्सिटी थाना क्षेत्र की इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अविनाश राउत, एसआई अभिनव कुमार, सूरज कुमार और डायल 112 के कर्मी शामिल थे।