छात्राओं की सुरक्षा के लिए भागलपुर पुलिस की मुहिम: स्कूलों और कॉलेजों के बाहर 'पुलिस दीदी' का पहरा

भागलपुर पुलिस ने छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा के लिए 'पुलिस दीदी' अभियान शुरू किया है। पिंक स्कूटी से गश्त कर मनचलों पर रखी जा रही है नजर।

Puja Singh28 November 20262 min read0 viewsCity Local
छात्राओं की सुरक्षा के लिए भागलपुर पुलिस की मुहिम: स्कूलों और कॉलेजों के बाहर 'पुलिस दीदी' का पहरा

भागलपुर जिले में अब स्कूल, कॉलेज और कोचिंग जाने वाली छात्राओं को एक सुरक्षित और भयमुक्त माहौल मिलेगा। महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए भागलपुर पुलिस ने अपने विशेष अभियान 'पुलिस दीदी' की रफ्तार बढ़ा दी है। इस पहल के जरिए जिले के सभी थाना क्षेत्रों में स्थित शिक्षण संस्थानों के आसपास महिला पुलिस टीमों की तैनाती की गई है, ताकि छात्राएं बिना किसी डर के अपनी पढ़ाई पूरी कर सकें।

दरअसल, पहले महिलाओं की सुरक्षा के लिए 'अभया ब्रिगेड' चलाया जा रहा था, जिसे अब और अधिक प्रभावी बनाते हुए 'पुलिस दीदी' का नया स्वरूप दिया गया है। एसएसपी प्रमोद कुमार यादव के दिशा-निर्देशों पर इस अभियान को जमीन पर उतारा गया है। महिला पुलिसकर्मियों को आधुनिक संसाधनों के साथ 'पिंक स्कूटी' उपलब्ध कराई गई है, जिससे वे तेजी से गश्त कर सकें और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख सकें।

चौराहों से लेकर पार्कों तक कड़ी निगरानी

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

यह अभियान केवल शिक्षण संस्थानों तक ही सीमित नहीं है। पिंक स्कूटी पर सवार ये महिला पुलिसकर्मी शहर के मुख्य चौराहों, भीड़भाड़ वाले बाजारों, धार्मिक स्थलों और सैंडिस कंपाउंड जैसे पार्कों में भी लगातार गश्त कर रही हैं। इसका मुख्य उद्देश्य मनचलों और असामाजिक तत्वों के मन में डर पैदा करना है ताकि वे किसी भी महिला या छात्रा के साथ दुस्साहस न कर सकें।

गश्त के दौरान 'पुलिस दीदी' की टीम केवल निगरानी ही नहीं कर रही, बल्कि छात्राओं से सीधा संवाद भी कर रही है। उन्हें आत्मरक्षा (सेल्फ डिफेंस) के गुर सिखाए जा रहे हैं और महिला अपराधों के खिलाफ उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

पुलिस प्रशासन ने शहर की आम जनता और छात्राओं से अपील की है कि यदि कहीं भी छेड़छाड़ या कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आए, तो बिना डरे तुरंत डायल-112, नजदीकी थाने या मौके पर मौजूद 'पुलिस दीदी' टीम को सूचित करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि ऐसी शिकायतों पर त्वरित और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share:

Comments

Leave a comment