Bhagalpur: चेहल्लुम को लेकर पुलिस का फ्लैग मार्च, सुरक्षा के कड़े इंतजाम; अफवाह फैलाने वालों की खैर नहीं

भागलपुर में चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी कड़ी में सोमवार को पुलिस लाइन से एक फ्लैग मार्च निकाला गया। इस मार्च का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेना और आम लोगों के मन में सुरक्षा का अहसास कराना था।
यह फ्लैग मार्च पुलिस लाइन से शुरू होकर नाथनगर समेत जिले के विभिन्न संवेदनशील और प्रमुख इलाकों से गुजरा। इस मार्च का नेतृत्व सिटी एसपी अतूलेश झा, सदर एसडीओ और सिटी डीएसपी ने किया। मार्च के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा तैयारियों को देखा और स्थानीय लोगों से आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखने की अपील की। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी, जिला बल और दंगा नियंत्रण बल के जवान मौजूद रहे।
सदर एसडीओ ने बताया कि चेहल्लुम की तैयारियों के लिए जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पहले ही केंद्रीय शांति समिति की बैठक की जा चुकी है। इस बैठक में सभी समुदायों के प्रबुद्ध लोगों और पूजा समितियों के प्रतिनिधियों से मिलकर तालमेल के साथ त्योहार मनाने की बात कही गई थी।
प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाली किसी भी हरकत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संवेदनशील जगहों पर अतिरिक्त पुलिस बल और मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। साथ ही सोशल मीडिया और शरारती तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। अफवाह फैलाने या शांति भंग करने वालों के खिलाफ पुलिस तुरंत और सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी।