भागलपुर: ड्राइवर से 45 हजार की वसूली और डीजल लूटने वाला SHO और SI सस्पेंड

भागलपुर में ड्राइवर से 45 हजार रुपये और डीजल की लूट के आरोप में SHO और SI सस्पेंड किए गए। जानें पूरा मामला।

Talat Praveen5 November 20262 min read0 viewsCity Local
भागलपुर: ड्राइवर से 45 हजार की वसूली और डीजल लूटने वाला SHO और SI सस्पेंड

बिहार के भागलपुर जिले में खाकी वर्दी की धमक का गलत इस्तेमाल करने वाले दो पुलिस अधिकारियों पर बड़ी गाज गिरी है। एसएसपी प्रमोद यादव ने भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के गंभीर आरोपों के बाद शिवनारायणपुर थाने के थाना प्रभारी (SHO) अमित कुमार और सब-इंस्पेक्टर (SI) अरुण कुमार यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इन अधिकारियों पर आरोप है कि उन्होंने रात की गश्त के नाम पर एक ड्राइवर को डराया-धमकाया और उससे मोटी रकम के साथ डीजल की लूट की।

पूरा मामला 2 अक्टूबर की रात का है, जब शिकायतकर्ता शंभू यादव का ड्राइवर पंकज कुमार अपनी स्कोर्पियो गाड़ी से घर लौट रहा था। रात करीब 1 बजे नंदलालपुर के पास शिवनारायणपुर पुलिस की गश्ती टीम ने उसे रोका। जांच के दौरान पुलिस को गाड़ी में डीजल के छह गैलन मिले, जिसके बाद अधिकारियों ने ड्राइवर का मोबाइल और गाड़ी की चाबियाँ जब्त कर लीं। इसके बाद पंकज कुमार को जबरन टिकुलीगंज ले जाया गया, जहाँ पुलिस अधिकारियों ने उसे छोड़ने के बदले 50 हजार रुपये की मांग की।

रुपयों और डीजल की वसूली के बाद छोड़ा ड्राइवर

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

हैरानी की बात यह है कि पुलिस ने ड्राइवर को तब छोड़ा जब उसके साले ने 45 हजार रुपये नकद दिए और साथ ही 180 लीटर डीजल भी सौंप दिया। जांच में यह भी सामने आया कि पुलिस ने स्कोर्पियो को कहलगांव थाना क्षेत्र के नंदलालपुर इलाके से पकड़ा था, लेकिन वसूली की डील पक्की करने के लिए उसे दो किलोमीटर दूर अपने अधिकार क्षेत्र के टिकुलीगंज ले गए।

पुलिस विभाग की छवि खराब करने और इस तरह की वसूली के खिलाफ ग्रामीण एसपी और एसडीपीओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। इतना ही नहीं, शिवनारायणपुर पुलिस पर पहले भी एक मोटरसाइकिल सवार से 10 हजार रुपये वसूलने और थाने के सामने उसके साथ मारपीट करने के आरोप लग चुके हैं।

इसी कड़ी में एनटीपीसी थाने के एएसआई धर्मेंद्र कुमार को भी सस्पेंड किया गया है। उन पर समय पर गश्त न करने, सहकर्मियों से झगड़ा करने, बिना बताए ड्यूटी से गायब रहने और आम जनता के साथ बदतमीजी करने के गंभीर आरोप लगे हैं। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि अनुशासनहीनता और भ्रष्टाचार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Share:

Comments

Leave a comment