भागलपुर पुलिस ने दो अगवा बच्चों को बचाया, महिला आरोपी गिरफ्तार

MyBhagalpur Team13 September 20262 min read15 viewsCity Local
भागलपुर पुलिस ने दो अगवा बच्चों को बचाया, महिला आरोपी गिरफ्तार

भागलपुर पुलिस ने दो दिन पहले भागलपुर रेलवे स्टेशन से अगवा की गई दो नाबालिग बच्चियों को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में रिंकी कुमारी नाम की एक महिला आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। बरामद बच्चियों में एक 11 साल की बच्ची और 4 महीने का एक दुधमुंहा बच्चा शामिल है।

घटना की पूरी जानकारी

सिटी एसडीपीओ विकास कुमार के अनुसार, बच्चों की मां सांचो देवी आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा की रहने वाली हैं और फिलहाल झारखंड के गोड्डा जिला के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में रह रही हैं। 9 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे सांचो देवी भागलपुर रेलवे स्टेशन पहुंची थीं। गोड्डा जाने वाली ट्रेन छूटने के बाद वह अपने तीन बच्चों के साथ स्टेशन पर ही रुकी थीं। 10 सितंबर की सुबह एक अज्ञात महिला उनके पास आई और काम दिलाने का झांसा देकर परिवार को ई-रिक्शा से बरारी सब्जी बाजार ले गई। बरारी पहुंचने पर आरोपी ने कमरा किराए पर दिलाने की बात कही और कहा कि मकान मालिक को एडवांस पैसा देना होगा। आरोपी ने सांचो देवी को पैसे निकालने के लिए पास के एक ग्राहक सेवा केंद्र भेज दिया। जब सांचो देवी अपने एक बच्चे के साथ सीएसपी में थीं, तभी आरोपी 11 साल की बच्ची और 4 महीने के बच्चे को लेकर फरार हो गई।

पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी

एसएसपी के निर्देश पर नगर-01 अनुमंडल पुलिस अधिकारी की निगरानी में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया था। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी की। 11 सितंबर को पुलिस ने दोनों बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया। 11 साल की बच्ची झारखंड के गोड्डा से और 4 महीने का बच्चा भागलपुर के मोजाहिदपुर इलाके से बरामद किया गया। एसडीपीओ विकास कुमार ने बताया कि इस घटना में किसी संगठित या अंतरराज्यीय मानव तस्करी गिरोह के शामिल होने का फिलहाल कोई सबूत नहीं मिला है। शुरुआती जांच से पता चलता है कि आरोपी महिला ने निजी कारणों से इस घटना को अंजाम दिया। 11 साल की बच्ची का बयान दर्ज कर लिया गया है और पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment