भागलपुर के गोरडीह थाना क्षेत्र में रविवार 4 अक्टूबर 2026 को एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। इस अभियान में पुलिस ने दो अलग-अलग जगहों से कुल 35 लीटर देसी शराब बरामद की और दो लोगों को गिरफ्तार किया।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने मोहनपुर पंचायत के सियारगढ़ गांव में छापा मारा।
पुलिस ने 29 साल के प्रेम कुमार को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया। इस मामले में दूसरा आरोपी नीतीश कुमार मौके से भाग निकला, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
सालपुर गांव में एक अन्य कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सागर मंडल नाम के व्यक्ति को पकड़ा।
पुलिस को देखते ही सागर मंडल एक बोरी फेंककर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया। इस बोरी की तलाशी लेने पर एक-एक लीटर की बोतल में भरी हुई देसी शराब बरामद हुई। गोरडीह पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।