भागलपुर के कहलगांव में 6 अगस्त को हुई जेवर चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने राजा साहनी और स्थानीय सुनार मनीष कुमार को गिरफ्तार किया है, जिसने चोरी का सामान खरीदा था। पुलिस ने आरोपियों के पास से भारी मात्रा में सोना और चांदी के जेवर, 22,500 रुपये नकद और चोरी के पैसों से खरीदा गया एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
- कहलगांव के गंगा नगर इलाके में 6 अगस्त को हुई थी जेवर चोरी।
- राजा साहनी और सुनार मनीष कुमार हुए गिरफ्तार।
- सोना-चांदी के जेवर, 22,500 रुपये नकद और मोबाइल बरामद।
- भागलपुर एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम ने की कार्रवाई।
जांच में सामने आया कि चोरी के पैसों का इस्तेमाल केवल मोबाइल खरीदने में ही नहीं, बल्कि घर के निर्माण यानी ढलाई में भी किया गया है। पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि इस घटना में शामिल एक अन्य साथी ने चोरी के पैसों से आईफोन खरीदा है। भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर बनाई गई विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और स्थानीय खुफिया जानकारी का इस्तेमाल करके आरोपियों का पता लगाया। इस मामले में सफलता तब मिली जब पुलिस ने वारदात के दौरान इस्तेमाल किए गए ई-रिक्शा (ोटो) को ट्रैक किया।
मुंगेर जिले के कासिम बाजार थाना क्षेत्र के गोढ़ी टोला लल्लू पोखर के रहने वाले राजा साहनी को कहलगांव के साहनी टोला से पकड़ा गया। इसके बाद पुलिस ने कहलगांव के पूरब टोला में स्थित मुन्ना ठाकुर के बेटे मनीष कुमार की दुकान पर छापा मारा, जिससे चोरी का सामान बरामद हुआ। साहनी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है जिसके खिलाफ मुंगेर के कासिम बाजार थाने में साल 2015, 2016, 2019, 2023 और 2025 में मामले दर्ज हैं। साथ ही मुंगेर के कोतवाली थाने में 2 अगस्त 2024 को मामला संख्या 239/2024 दर्ज है।
बरामद सामान में दो सोने की अंगूठी, पांच लॉकेट, सात बेसर, एक मंगलसूत्र, दो चांदी के गिलास, तीन कटोरी, एक चांदी का बिस्किट, 11 पायल, एक कजरौटी, 16 मथिया, 11 बिछिया, एक करधन, दो अंगूठी, चार चम्मच और तीन सिक्के शामिल हैं। यह एफआईआर मृतिका प्रयाग सरकार की पत्नी अनिता देवी ने दर्ज कराई थी। इस ऑपरेशन में शामिल पुलिस टीम में कहलगांव थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार, सब-इंस्पेक्टर सूरज कुमार सिंह, मुक्लेश कुमार और संतोष कुमार के साथ सशस्त्र पुलिस और भागलपुर डीआईयू टीम शामिल थी। अपराधी नेटवर्क के अन्य सदस्यों का पता लगाने के लिए अधिकारी लगातार छापेमारी कर रहे हैं।