भागलपुर: गलत दिशा से आ रहे ट्रक से बचने के चक्कर में पलटा पिकअप, पोल्ट्री का भारी नुकसान
भागलपुर के नाथनगर में कोहरे के कारण पोल्ट्री लदा पिकअप पलटा। हादसे में सैकड़ों मुर्गियां मरीं और मालिक को लाखों का नुकसान हुआ।

बिहार के भागलपुर जिले के नाथनगर इलाके में रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बेगूसराय से हबीबपुर जा रहा एक बोलेरो पिकअप ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। इस हादसे में वाहन में लदी सैकड़ों मुर्गियों की मौत हो गई, जिससे वाहन मालिक को भारी आर्थिक चपत लगी है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के किशनपुर बाईपास के पास घटी। वाहन मालिक एमडी छोटू ने बताया कि उस समय इलाके में घना कोहरा छाया हुआ था, जिसकी वजह से सड़क पर विजिबिलिटी बहुत कम थी। इसी दौरान सामने से एक ट्रक गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से आ गया। टक्कर से बचने के लिए जब ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगाया, तो वह संतुलन खो बैठा और गाड़ी पलट गई।
लाखों का नुकसान और पुलिस की कार्रवाई
राहत की बात यह रही कि हादसे में ड्राइवर को कोई गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन गाड़ी में लदी पोल्ट्री पूरी तरह तबाह हो गई। व्यापारी के अनुसार, इस दुर्घटना में उन्हें करीब 1.5 से 2 लाख रुपये का वित्तीय नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही मधुसूदनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से पलटे हुए वाहन को सड़क से हटवाया और उसे अपने कब्जे में लेकर थाने ले आई। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है ताकि हादसे के कारणों की सटीक पुष्टि की जा सके।