बिजली संकट पर फूटा लोगों का गुस्सा, सड़क जाम कर जलाए टायर

MyBhagalpur Team13 September 20261 min read14 viewsCity Local
बिजली संकट पर फूटा लोगों का गुस्सा, सड़क जाम कर जलाए टायर

भागलपुर के दक्षिणी क्षेत्र के बबरगंज इलाके में पिछले चार दिनों से जारी भीषण बिजली संकट से त्रस्त स्थानीय निवासियों का धैर्य रविवार को जवाब दे गया। बिजली न मिलने से आक्रोशित बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष, युवा और बच्चे सड़कों पर उतर आए और मिरजानहाट-अलीगंज मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया।

सड़क जाम और प्रदर्शन

प्रदर्शनकारियों ने सड़क के बीचों-बीच बांस-बल्ला लगा दिया, जिससे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। उग्र लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रशासन के विरोध में प्रदर्शन किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि चार दिनों से बिजली गुल होने के कारण न सिर्फ उमस भरी गर्मी में उनका जीना मुहाल हो गया है, बल्कि पानी का भी गंभीर संकट खड़ा हो गया है। बार-बार शिकायत के बाद भी विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

यातायात प्रभावित और प्रशासन की कोशिश

मिरजानहाट-अलीगंज रोड जाम होने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। त्योहारों और रविवार के दिन बाजार आने-जाने वाले लोगों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों का साफ कहना है कि जब तक बिजली व्यवस्था पूरी तरह बहाल नहीं की जाती, वे सड़क से नहीं हटेंगे। खबर लिखे जाने तक मौके पर भारी तनाव की स्थिति बनी हुई है और स्थानीय प्रशासन और पुलिस लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है।

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment