भागलपुर: संपत्ति विवाद में खूनी खेल, पत्नी के सामने छोटे भाई ने बड़े भाई को गोलियों से भूना

भागलपुर के महेशपुर में संपत्ति विवाद को लेकर छोटे भाई ने बड़े भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। पूरी घटना पत्नी के सामने हुई।

Puja Singh15 November 20262 min read0 viewsCity Local
भागलपुर: संपत्ति विवाद में खूनी खेल, पत्नी के सामने छोटे भाई ने बड़े भाई को गोलियों से भूना

बिहार के भागलपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां संपत्ति और पैसों के विवाद ने एक भाई को दूसरे का दुश्मन बना दिया। शनिवार सुबह करीब 6 बजे महेशपुर इलाके में उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब एक प्रॉपर्टी डीलर की उसके ही छोटे भाई ने सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। सबसे दर्दनाक बात यह रही कि यह पूरी वारदात मृतक की पत्नी की आंखों के सामने घटित हुई।

जानकारी के मुताबिक, अलीगंज महेशपुर निवासी 40 वर्षीय नंदू यादव अपनी पत्नी झुना देवी के साथ फूल लेने निकले थे। तभी उनका छोटा भाई शंभु यादव मोटरसाइकिल पर सवार होकर आया और अचानक नंदू पर फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां नंदू के सिर और पेट में लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शंभु अपनी बाइक से फरार हो गया।

8 लाख रुपये और घर के बंटवारे को लेकर था विवाद

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

मृतक की पत्नी झुना देवी ने पुलिस को बताया कि यह पूरी घटना संपत्ति और पैसों के पुराने विवाद का नतीजा है। उनके अनुसार, शंभु यादव पर नंदू के करीब आठ लाख रुपये बकाया थे, जिसमें एक बाईपास जमीन की डील का पांच लाख रुपये कमीशन भी शामिल था। इसके अलावा, शंभु अपने साझा घर का आधा हिस्सा बेचने की कोशिश कर रहा था, जिसका नंदू विरोध कर रहे थे।

हैरानी की बात यह है कि दिवाली से पहले नंदू ने इस मामले में पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई थी, लेकिन उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पारिवारिक तनाव तब और बढ़ गया जब 16 साल के लंबे इंतजार के बाद एक महीने पहले ही नंदू के घर बेटी का जन्म हुआ, जिसके बाद संपत्ति के उत्तराधिकार को लेकर विवाद और गहरा गया।

घटना की सूचना मिलते ही बबरगंज थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार और मुख्यालय डीएसपी-2 मोहम्मद अयूब अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एफएसएल (FSL) टीम की मदद से सबूत जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि हत्या की यह साजिश पहले से रची गई थी, क्योंकि आरोपी ने वारदात से पहले ही अपने परिवार को कहीं और भेज दिया था और अपना किराए का घर ताला लगाकर बंद कर दिया था। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Share:

Comments

Leave a comment