छठ पूजा को लेकर भागलपुर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा सख्त, संदिग्धों पर पैनी नजर
छठ पूजा के मद्देनजर भागलपुर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा बढ़ाई गई है। RPF और GRP की टीमें संदिग्धों और लावारिस सामान की जांच कर रही हैं।

छठ पूजा के महापर्व को देखते हुए भागलपुर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था काफी कड़ी कर दी गई है। यात्रियों की भारी भीड़ और त्योहार की संवेदनशीलता को देखते हुए रेल प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। रेल एसपी विद्यासागर, जमालपुर के रेल डीएसपी और आरपीएफ इंस्पेक्टर ने मिलकर स्टेशन परिसर का गहन निरीक्षण किया, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
स्टेशन के प्लेटफॉर्म, पैसेंजर वेटिंग एरिया और आने-जाने वाले सभी रास्तों की बारीकी से जांच की गई है। ड्यूटी पर तैनात जवानों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत नजर रखें। सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) और गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (GRP) ने संयुक्त अभियान चलाया है।
स्निफर डॉग्स और एंटी-सबोटेज चेक जारी
स्टेशन पर सुरक्षा घेरा इतना मजबूत है कि लावारिस सामान और संदिग्ध वस्तुओं की पहचान के लिए स्निफर डॉग्स की मदद ली जा रही है। एंटी-सबोटेज चेक अभियान के तहत स्टेशन के कोने-कोने की तलाशी ली जा रही है। साथ ही, स्टेशन परिसर में बिना किसी वजह के घूमने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि सुरक्षा में कोई चूक न हो।
सुरक्षा का यह दायरा सिर्फ स्टेशन तक ही सीमित नहीं है, बल्कि ट्रेनों के भीतर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है। गौरतलब है कि हाल के दिनों में भागलपुर में स्नैचिंग और फायरिंग जैसी आपराधिक घटनाएं सामने आई थीं। रेल एसपी विद्यासागर ने बताया कि इन मामलों में अब तक दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि तीन अन्य की तलाश में छापेमारी जारी है। प्रशासन का लक्ष्य है कि त्योहार के दौरान यात्री पूरी तरह सुरक्षित महसूस करें और अपराधियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाए।