भागलपुर: 2 दिसंबर को धूमधाम से मनेगा श्री रानी सती दादी का मंगल जन्मोत्सव
भागलपुर के चुनिहारी टोला में 2 दिसंबर को श्री रानी सती दादी का मंगल जन्मोत्सव मनाया जाएगा। जानें कार्यक्रम की पूरी डिटेल।

भागलपुर के चुनिहारी टोला स्थित श्री रानी सती दादी मंदिर में 2 दिसंबर को मंगल जन्मोत्सव का भव्य आयोजन होने जा रहा है। श्री दादी जी सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर हैं। मान्यता है कि राजस्थान के झुंझुनूं में मंसिर माह की कृष्ण पक्ष की नवमी तिथि को दादी जी ने त्रिशूल के रूप में प्राकट्य किया था, जिसकी याद में यह उत्सव मनाया जाता है।
समिति के मीडिया समन्वयक चंद झुंझुनवाला ने बताया कि जन्मोत्सव के दिन दोपहर 12:30 बजे से कोलकाता से आए प्रसिद्ध मंगल पाठ गायक सुमन दुबे और प्रियंका शर्मा द्वारा मंगल पाठ किया जाएगा। इसके साथ ही ज्योति कीर्तन और भजन-कीर्तन के जरिए पूरा माहौल भक्तिमय रहेगा। इस विशेष अवसर पर महिला श्रद्धालु चुनरी उत्सव, गजरा उत्सव, मेहंदी उत्सव और फूल उत्सव मनाकर अपनी आस्था प्रकट करेंगी।
भक्ति, भोग और सामूहिक भोज का आकर्षण
उत्सव के दौरान दादी जी को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया जाएगा और मंदिर के गर्भगृह को फूलों और फलों से बेहद खूबसूरती से सजाया जाएगा। बड़ी संख्या में महिलाएं अपने परिवार की सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना के साथ व्रत रखेंगी और पूजन करेंगी। शाम के समय 'दादी जी की रसोई' के रूप में एक विशाल सामुदायिक भोज का आयोजन होगा, जिसमें शहर के हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष अनिल खेतान, महासचिव ओमप्रकाश कानोडिया, संयोजक अरुण झुंझुनवाला समेत दीपक नवलगरिया, मनोज चुरीवाला, आलोक अग्रवाल, निगम खेमका और अन्य सदस्य दिन-रात जुटे हुए हैं।