भागलपुर के रसलपुर थाना क्षेत्र के एनएच-80 पर पकड़तल्ला गांव के समीप मंगलवार सुबह एक सड़क हादसा हुआ। यहाँ एक मोटरसाइकिल और ई-रिक्शा के बीच हुई टक्कर में एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मोटरसाइकिल सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान धनौरा गांव निवासी करीब 60 वर्षीय मो. मंसूर के रूप में हुई है। वहीं घायल की पहचान कहलगांव थाना क्षेत्र के गंगलदाय निवासी 25 वर्षीय रघुनंदन कुमार के रूप में की गई है।
बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह दोनों वाहनों के बीच टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आवाज सुनकर आस-पास के ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल कहलगांव ले जाया गया। जहाँ डॉक्टरों ने मो. मंसूर को देखते ही मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल युवक रघुनंदन कुमार की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जवाहर लाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल भागलपुर रेफर कर दिया गया है।
जैसे ही इस हादसे की खबर धनौरा गांव पहुंची, मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही रसलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है और क्षतिग्रस्त वाहनों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय ग्रामीणों ने एनएच-80 पर लगातार बढ़ रही तेज रफ्तार गाड़ियों और आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से यहाँ गति सीमा तय करने और गति अवरोधक लगाने की मांग की है।