सफाई मजदूरों के 1.33 करोड़ ईपीएफ मामले में जांच तेज: साइन एजेंसी ने कबूला 20 लाख बकाया
भागलपुर नगर निगम के सफाई मजदूरों के ईपीएफ फंड में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। साइन एजेंसी ने 20 लाख बकाया होने की बात मानी है।

भागलपुर नगर निगम के दैनिक सफाई मजदूरों के कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPF) की राशि जमा न करने का मामला अब गरमाता जा रहा है। जिला प्रशासन और नगर निगम ने इस पूरे प्रकरण की जांच की रफ्तार बढ़ा दी है। छुट्टी का दिन होने के बावजूद जिला कोषागार पदाधिकारी की अध्यक्षता वाली जिला स्तरीय जांच समिति ने निगम सभागार में एक मैराथन बैठक की, जिसमें आउटसोर्सिंग एजेंसियों के दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की गई।
नगर निगम की शुरुआती आंतरिक जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ था कि दो एजेंसियों ने मिलकर करीब 1.33 करोड़ रुपये की ईपीएफ राशि मजदूरों के खातों में जमा नहीं की। इसमें साइन एंड स्टैंडर्ड एजेंसी पर 72 लाख और सीबीएस फैसिलिटी एजेंसी पर करीब 61 लाख रुपये की देनदारी पाई गई थी। बैठक के दौरान साइन एजेंसी के प्रतिनिधि आरिफ ने अपना लिखित पक्ष रखा और स्वीकार किया कि उनकी एजेंसी पर करीब 20 लाख रुपये बकाया हैं। हालांकि, उन्होंने इस राशि को जमा करने के लिए प्रशासन से एक महीने का समय मांगा है।
एजेंसियों ने निगम पर लगाया भुगतान रोकने का आरोप
जांच के दौरान मामला तब और उलझ गया जब दोनों एजेंसियों ने नगर निगम प्रशासन पर ही आरोप लगा दिए। साइन एंड स्टैंडर्ड एजेंसी का दावा है कि नगर निगम पर उनका करीब 2.40 करोड़ रुपये का भुगतान लंबित है। वहीं, सीबीएस फैसिलिटी के प्रतिनिधियों ने कहा कि पिछले दो सालों से उनकी 10 प्रतिशत दर नहीं बढ़ाई गई और उनके बिल भी रोक दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि निगम प्रशासन ने सीबीएस एजेंसी के करीब 1.50 करोड़ रुपये के भुगतान पर रोक लगा रखी है।
फिलहाल जिला स्तरीय टीम इस बात की गहन जांच कर रही है कि एजेंसियों को निगम से कुल कितना पैसा मिला, कितने मजदूरों ने काम किया और उनके पीएफ मद में कितनी कटौती की गई। साथ ही, किराए पर लिए गए संसाधनों के शुल्क की भी जांच चल रही है।
दूसरी ओर, सफाई मजदूरों को ईपीएफ और ईएसआईसी का लाभ दिलाने के लिए नगर आयुक्त ने एक बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने 29 नवंबर तक निगम कार्यालय में वार्डवार विशेष कैंप लगाने का निर्देश दिया है। इन कैंपों के जरिए मजदूरों के आधार और मोबाइल नंबर अपडेट किए जाएंगे, ताकि उनके खाते खुल सकें और राशि जमा होने की जानकारी उन्हें सीधे उनके मोबाइल पर मिल सके।