श्रावणी मेला: ड्यूटी से गायब मिले 18 अधिकारी और कर्मी, DM ने थमाया शो-कॉज नोटिस

विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर भागलपुर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। सुल्तानगंज मेला क्षेत्र में सुरक्षा, यातायात और विधि-व्यवस्था जैसे जरूरी कामों में तैनात 18 अधिकारी और कर्मी औचक निरीक्षण के दौरान अपनी ड्यूटी प्वाइंट से गायब पाए गए। इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने सभी 18 कर्मियों को कारण बताओ नोटिस (शो-कॉज) जारी किया है और 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा है।
अनुपस्थित रहने वालों में प्रवीण कुमार (ग्राम अधीक्षक, सबौर), राजेश कुमार पासवान (कार्यपालक पदाधिकारी, हबीबपुर), आलोक कुमार (सहायक अभियंता, सरैया-दो), नयूरी कुमारी (प्रखंड कृषि पदाधिकारी, भागलपुर), संजय कुमार (प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी, गोराडीह), अमरजीत कुमार (कनीय अभियंता, पीरपैंती), रामांजन कुमार और सोहन प्रिया (कनीय अभियंता, गोराडीह), अजय कुमार (ग्राम अधीक्षक, भागलपुर), सुमित कुमार रजक (लेखापाल सह आईटी सहायक, शाहकुंड), श्वेता कुमारी (लेखापाल सह आईटी सहायक, सबौर), शारमिन खातून (लेखापाल सह आईटी सहायक, जगदीशपुर), अरविंद कुमार भारती (तकनीकी सहायक, नाथनगर), अंजु कुमारी और कुमारी ब्यूटी (ग्रामीण आवास सहायक, गोराडीह) तथा कृष्णा कुमारी (महिला पर्यवेक्षिका, जगदीशपुर) शामिल हैं।
प्रशासन ने कहा कि श्रावणी मेले में देश-विदेश से रोजाना लाखों श्रद्धालु आते हैं, ऐसे में सुरक्षा और व्यवस्था में इस तरह की चूक बहुत गंभीर और खेदजनक है। निरीक्षण के दौरान जब इन अधिकारियों की खोज की गई, तो वे अपने निर्धारित स्थानों पर मौजूद नहीं मिले।
जारी पत्र में साफ कहा गया है कि इस महत्वपूर्ण अंतरराज्यीय मेले में ड्यूटी से गायब रहना कार्य के प्रति घोर लापरवाही और उच्चाधिकारियों के आदेश की अवहेलना है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे में संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो संबंधित कर्मियों के खिलाफ कड़ी अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी।