खुलासा: भागलपुर में 209 ग्राम स्मैक के साथ शातिर तस्कर अभिषेक गिरफ्तार

MyBhagalpur Team15 October 20262 min read0 viewsCity Local
खुलासा: भागलपुर में 209 ग्राम स्मैक के साथ शातिर तस्कर अभिषेक गिरफ्तार

भागलपुर, 15 अक्टूबर। जिले को नशामुक्त करने और युवाओं को इसके चंगुल से बचाने के लिए चलाए जा रहे स्वस्थ युवा स्वस्थ भागलपुर विशेष महाअभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। मोजाहिदपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 209 ग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस स्मैक की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। भागलपुर के सिटी एसपी अतुलेश झा ने गुरुवार को प्रेस वार्ता आयोजित कर इस मामले का खुलासा किया।

  • स्वस्थ युवा स्वस्थ भागलपुर अभियान के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई
  • 209 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर अभिषेक गिरफ्तार
  • मोजाहिदपुर थाना क्षेत्र के उल्टा पुल जामा मस्जिद के पास हुई गिरफ्तारी

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

जिले में मादक पदार्थों के अवैध व्यापार पर रोक लगाने के लिए हॉट स्पॉट को चिह्नित कर लगातार छापेमारी की जा रही है। इसी क्रम में मोजाहिदपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि उल्टा पुल जामा मस्जिद के पास मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना पर कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर-02 और मोजाहिदपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

भागने की कोशिश कर रहा था आरोपी

गठित टीम जब उल्टा पुल जामा मस्जिद के समीप पहुँची, तो वहां मौजूद संदिग्ध पुलिस बल को देखकर भागने लगे। मौके पर मुस्तैद सशस्त्र बल के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर एक अभियुक्त को धर दबोचा। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान अभिषेक आनंद (पिता- स्व० मनोज प्रसाद सिंह, निवासी- महेशपुर अलीगंज, थाना- बबरगंज, जिला- भागलपुर) के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर उसके पास से 209 ग्राम स्मैक और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

सिटी एसपी अतुलेश झा ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इस ड्रग सिंडिकेट के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज को खंगाल रही है। इस अवैध कारोबार में संलिप्त अन्य अभियुक्तों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस बड़ी बरामदगी और सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम की सराहना की गई है।

Share:

Comments

Leave a comment