छठ पूजा के बाद प्रवासियों की सुविधा के लिए भागलपुर से चलेंगी 3 स्पेशल ट्रेनें
छठ पूजा के बाद प्रवासियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने भागलपुर से आनंद विहार और जयपुर के लिए तीन स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है।

छठ महापर्व के बाद दिल्ली और जयपुर जाने वाले हजारों प्रवासियों की भारी भीड़ को देखते हुए ईस्टर्न रेलवे ने एक बड़ा फैसला लिया है। यात्रियों की सुविधा के लिए भागलपुर से आनंद विहार और जयपुर के लिए तीन स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की गई है, ताकि लोग बिना किसी परेशानी के अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।
आनंद विहार और जयपुर के लिए समय सारिणी
रेलवे द्वारा जारी शेड्यूल के मुताबिक, 10 नवंबर को आनंद विहार के लिए दो अनारक्षित (unreserved) स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। पहली ट्रेन 04455 भागलपुर-आनंद विहार स्पेशल शाम 7:00 बजे प्रस्थान करेगी। वहीं, दूसरी ट्रेन 04477 भागलपुर-आनंद विहार स्पेशल रात 9:30 बजे भागलपुर से रवाना होगी। ये दोनों ट्रेनें विक्रमशिला एक्सप्रेस के रूट और स्टॉपेज का पालन करेंगी और इनमें 15-15 कोच होंगे। खास बात यह है कि ये पूरी तरह अनारक्षित हैं, इसलिए यात्री सामान्य टिकट लेकर सफर कर सकते हैं।
इसके अलावा, जयपुर जाने वाले यात्रियों के लिए 09722 भागलपुर-जयपुर स्पेशल ट्रेन का इंतजाम किया गया है। यह ट्रेन 18 नवंबर को रात 9:30 बजे भागलपुर से चलेगी और 20 नवंबर को तड़के 3:30 बजे जयपुर पहुंचेगी। इस ट्रेन में कुल 18 कोच लगाए गए हैं।