छठ पूजा की रौनक: मिथिला और मंजूषा कला से सजा भागलपुर रेलवे स्टेशन

भागलपुर रेलवे स्टेशन को मधुबनी और मंजूषा कला से सजाया जा रहा है। देखें कैसे मिथिला पेंटिंग के जरिए छट पूजा की छटा बिखेर रही हैं महिला कलाकार।

Puja Singh13 November 20262 min read0 viewsCity Local
छठ पूजा की रौनक: मिथिला और मंजूषा कला से सजा भागलपुर रेलवे स्टेशन

छठ महापर्व की तैयारियां अब केवल घरों और घाटों तक सीमित नहीं रही हैं, बल्कि इसका असर रेलवे स्टेशनों पर भी दिखने लगा है। भागलपुर रेलवे स्टेशन को इस बार एक खास अंदाज में सजाया जा रहा है। स्टेशन की दीवारों पर पारंपरिक मिथिला पेंटिंग और मंजूषा कला के जरिए एक ऐसा माहौल तैयार किया जा रहा है, जिसे देखकर यात्री मंत्रमुग्ध हो रहे हैं।

स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर स्थित वीआईपी एंट्री गेट को मधुबनी की महिला कलाकारों की एक टीम संवार रही है। इन पेंटिंग्स में छठ पूजा के उन तमाम दृश्यों को उकेरा गया है, जो इस पर्व की पहचान हैं। दीवारों पर कहीं नारियल के पेड़ दिख रहे हैं, तो कहीं नदी के किनारे सूप लेकर अर्घ्य देती महिलाएं नजर आ रही हैं। साथ ही, खरना प्रसाद की तैयारी और गन्ने के पौधों के जरिए त्योहार की जीवंतता को दर्शाया गया है।

कलाकारों के हुनर की DRM ने की सराहना

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

मालदा डिवीजन के डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता ने शुक्रवार को स्टेशन का दौरा किया और इन कलाकृतियों का निरीक्षण किया। उन्होंने 'संगीता मिथिला आर्ट' की टीम से बातचीत की और उनके काम की जमकर तारीफ की। डीआरएम ने इन चित्रों को 'जीवंत तस्वीरें' बताया। रेलवे विभाग ने इस पूरी टीम को स्टेशन की दीवारों को सजाने का जिम्मा सौंपा है, जिस पर पिछले दो दिनों से काम चल रहा है।

इस पांच सदस्यीय टीम का नेतृत्व कर रहीं संगीता देवी पिछले 20 वर्षों से इस कला से जुड़ी हैं और पहली बार भागलपुर आई हैं। टीम में 65 वर्षीय अलका देवी भी शामिल हैं, जिन्होंने यह हुनर अपनी सास से सीखा था। अलका देवी ने एक दिलचस्प किस्सा साझा करते हुए बताया कि 35 साल पहले उन्होंने पहली बार एक पेंटिंग विदेशी नागरिकों को महज 25 रुपये में बेची थी, लेकिन आज इस लोक कला की लोकप्रियता इतनी बढ़ गई है कि उन्हें एक शीट के लिए 1500 रुपये तक मिलते हैं।

कलाकारों का कहना है कि छठ पूजा के बाद भी स्टेशन के अन्य हिस्सों को इसी तरह की पारंपरिक कलाकृतियों से सजाने का काम जारी रहेगा, ताकि आने वाले यात्रियों को क्षेत्रीय संस्कृति की झलक मिल सके।

Share:

Comments

Leave a comment