भागलपुर: फर्जी ट्रैफिक चालान के नाम पर छात्र का फोन हैक, संपर्कों से ठगे पैसे
भागलपुर के एक छात्र के फोन को हैक कर साइबर अपराधियों ने उसके संपर्कों को निशाना बनाया और पैसे ठग लिए। पूरी खबर पढ़ें।

भागलपुर में साइबर अपराधियों ने एक नए और खतरनाक तरीके से जाल बिछाया है, जिसमें एक छात्र की एक छोटी सी गलती ने न केवल उसका फोन हैक करवाया, बल्कि उसके दर्जनों संपर्कों को भी खतरे में डाल दिया। मामला तब सामने आया जब पीड़ित छात्र विशाल कुमार ने इस धोखाधड़ी की लिखित शिकायत साइबर पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई।
घटना की शुरुआत 10 नवंबर को हुई, जब विशाल के पास ट्रैफिक चालान के नाम पर एक APK फाइल आई। जैसे ही छात्र ने उस फाइल को डाउनलोड किया, साइबर अपराधियों ने उसके मोबाइल का पूरा नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया। हैकर्स ने फोन की कॉल और मैसेज फॉरवर्डिंग सेटिंग्स को एक्टिवेट कर दिया, जिससे विशाल को कोई भी इनकमिंग कॉल या मैसेज मिलना बंद हो गया और उसे इस बात की भनक तक नहीं लगी।
व्हाट्सएप के जरिए फैलाया जाल, ग्रामीणों के पैसे उड़ाए
फोन का एक्सेस मिलते ही जालसाजों ने विशाल के व्हाट्सएप अकाउंट का इस्तेमाल करना शुरू किया। उन्होंने उसके फोन में सेव करीब 75 संपर्कों को वही खतरनाक APK फाइल भेज दी। इतना ही नहीं, अपराधियों ने एक व्हाट्सएप ग्रुप भी बनाया ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक यह फाइल पहुंचाई जा सके। इस वजह से कई अन्य लोगों के फोन भी हैक हो गए।
इस डिजिटल सेंधमारी का असर तब और गंभीर हो गया जब दो ग्रामीणों के बैंक खातों से 9,000 रुपये उड़ा लिए गए। पीड़ित विशाल को इस पूरी साजिश का पता करीब 12 घंटे बाद चला। फिलहाल, विशाल ने पुलिस से गुहार लगाई है कि उसकी डिजिटल पहचान का गलत इस्तेमाल हुआ है और वह खुद इस साजिश का शिकार है, इसलिए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।