भागलपुर: पिता की डांट से नाराज 18 साल के छात्र ने की आत्महत्या
भागलपुर के गोराडीह में पिता की डांट से परेशान 18 वर्षीय छात्र पीयूष कुमार ने कमरे में खुदकुशी कर ली। परिवार में पसरा मातम।

बिहार के भागलपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ के गोराडीह थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में महज 18 साल के एक छात्र ने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। बताया जा रहा है कि पिता की डांट से आहत होकर छात्र ने यह आत्मघाती कदम उठाया, जिससे पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया है।
घटना गुरुवार की है। मृतक की पहचान पीयूष कुमार के रूप में हुई है, जो इंटरमीडिएट का छात्र था और सुनील मंडल का इकलौता बेटा था। ग्रामीणों के मुताबिक, गुरुवार को पीयूष का अपने पिता के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान पिता ने उसे काफी डांटा, जिससे पीयूष बुरी तरह टूट गया और गुस्से में अपने कमरे में जाकर दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।
शुरुआत में परिवार वालों को लगा कि वह शांत होने के बाद खुद ही बाहर आ जाएगा, लेकिन जब काफी देर तक कमरे से कोई हलचल नहीं हुई, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। दोपहर करीब 3:30 बजे जब परिवार ने कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर देखा, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। पीयूष छत से फंदे पर लटका हुआ था। आनन-फानन में उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इनकार
इस दुखद घटना की सूचना मिलते ही गोराडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी दीपक पासवान ने बताया कि परिवार गहरे सदमे में है। शोक संतप्त परिजनों ने पुलिस को लिखित आवेदन देकर शव का पोस्टमार्टम न कराने का अनुरोध किया है, जिसे स्वीकार कर लिया गया है। इकलौते बेटे की मौत ने सुनील मंडल और उनके परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है।