भागलपुर की वंशिका विराज का कमाल, इंडिगो कैडेट पायलट प्रोग्राम में चयन
भागलपुर की वंशिका विराज ने इंडिगो कैडेट पायलट प्रोग्राम में जगह बनाई। बिहार से चुने जाने वाली वह एकमात्र उम्मीदवार हैं।

भागलपुर के घोगहा गोपालपुर गांव की 20 वर्षीय बेटी वंशिका विराज ने अपनी मेहनत और जुनून से आसमान छूने की तैयारी कर ली है। वंशिका का चयन प्रतिष्ठित इंडिगो कैडेट पायलट प्रोग्राम के लिए हुआ है। सबसे खास बात यह है कि इस कठिन चयन प्रक्रिया के अंतिम दौर को पार करने वाली वह बिहार की एकमात्र उम्मीदवार हैं।
विश्वजीत सिंह की बेटी वंशिका ने इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी करने के बाद विमानन (aviation) के प्रति अपनी रुचि को आगे बढ़ाया। उन्होंने केरल के तिरुवनंतपुरम में रहकर अपनी पढ़ाई की और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के पाठ्यक्रम के अनुसार फ्लाइट ट्रेनिंग के तकनीकी पहलुओं में महारत हासिल की। अब उनकी ट्रेनिंग का अगला पड़ाव विदेश होगा, जहां उन्हें फ्लाइट ट्रेनिंग के लिए फिलीपींस भेजा जाएगा।
पांच कठिन चरणों को पार कर हासिल किया मुकाम
इंडिगो कैडेट पायलट प्रोग्राम में जगह बनाना आसान नहीं था। वंशिका को पांच अलग-अलग चरणों से गुजरना पड़ा, जिसमें एप्टीट्यूड टेस्ट, इंटरव्यू, ग्रुप डिस्कशन और मेडिकल जांच जैसे कड़े परीक्षण शामिल थे। इन सभी दौरों के बाद कुल 10 उम्मीदवारों का चयन किया गया, जिनमें वंशिका ने अपनी जगह पक्की की। वंशिका का कहना है कि इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्होंने कई चुनौतियों का सामना किया है।
उनकी इस शानदार उपलब्धि पर शनिवार को भागलपुर के जिलाधिकारी ने उनसे मुलाकात की और उन्हें सम्मानित किया। इस सफलता से न केवल वंशिका के परिवार में खुशी का माहौल है, बल्कि पूरे जिले के लिए यह गर्व का विषय बन गया है।