भागलपुर में वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार

भागलपुर पुलिस ने शातिर वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से दो ई-रिक्शा, चार बैटरी और 3,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। यह जानकारी सोमवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर-01 ने दी।
- पांच शातिर वाहन चोर गिरफ्तार
- दो ई-रिक्शा और चार बैटरी बरामद
- तीन हजार रुपये नकद जप्त
पुलिस को मिली बड़ी सफलता
भागलपुर पुलिस को यह बड़ी सफलता वरीय पुलिस अधीक्षक के सख्त निर्देश और नगर पुलिस अधीक्षक की सीधी निगरानी में मिली। पिछले कुछ दिनों से जोगसर थाना क्षेत्र में टोटो गायब होने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। पीड़ित टोटो चालकों रामानंद कुमार और रोहित कुमार द्वारा वाहन चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराए जाने के बाद, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर-01 और जोगसर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी।
ऐसे धरे गए आरोपी
विशेष टीम ने तकनीकी सर्विलांस और गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए गिरोह के पांचों सदस्यों को धर दबोचा। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान उज्जवल कुमार, सन्नी कुमार, प्रदुमन कुमार राय, राजेश महतो और शालिग्राम साह के रूप में हुई है। इस ताबड़तोड़ छापेमारी और गिरफ्तारी में जोगसर थानाध्यक्ष सह पु.अ.नि. विनोद कुमार, पु.अ.नि. रंगलाल कुमार, पु.अ.नि. महेन्द्र प्रसाद यादव, पु.अ.नि. चितरंजन प्रसाद, स.अ.नि. शैलेश कुमार तथा थाने का सशस्त्र बल शामिल रहा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पकड़े गए अपराधियों से पूछताछ के बाद चोरी के अन्य मामलों का भी खुलासा होने की संभावना है। इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय ई-रिक्शा चालकों ने राहत की सांस ली।