भागलपुर में रहेगा साफ मौसम, खेती और पशुओं के लिए जरूरी सलाह जारी

MyBhagalpur Team17 October 20262 min read0 viewsCity Local
भागलपुर में रहेगा साफ मौसम, खेती और पशुओं के लिए जरूरी सलाह जारी

मौसम विभाग के अनुसार 17 से 21 अक्टूबर के बीच भागलपुर समेत दक्षिण बिहार के ज्यादातर जिलों में आसमान साफ और मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि 17 और 18 अक्टूबर को एक-दो जगहों पर हल्की बारिश के साथ वज्रपात हो सकती है। इस दौरान पूरवा हवा 8 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है। शुक्रवार को जिले में अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान और नमी के अनुमान के मुताबिक अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 24 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। सुबह के समय नमी 80 से 85 प्रतिशत और दोपहर में 70 से 75 प्रतिशत रहने का अनुमान है। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों के लिए फूलगोभी और बंदगोभी की खेती को लेकर समय पर सलाह दी है।

फूलगोभी की खेती की सलाह

मध्यम अवधि वाली फूलगोभी की किस्मों जैसे पूसा हिम ज्योति, डी-96 और पंत शुभ्रा के लिए रोपाई का यह सही समय है। पछेती किस्मों जैसे पूसा स्नोबॉल-1 और पूसा हाइब्रिड-2 के लिए किसानों को नर्सरी तैयार करने की सलाह दी जाती है, जिसमें प्रति हेक्टेयर 350 से 400 ग्राम बीज की सिफारिश की गई है।

बंदगोभी की खेती और दूरी

बंदगोभी की खेती के लिए किसानों को पूसा ड्रम हेड और पूसा अगेती किस्में चुनने के लिए कहा गया है, जिसमें प्रति हेक्टेयर लगभग 500 ग्राम बीज की जरूरत होती है। रोपाई के दौरान कतारों के बीच 50-60 सेंटीमीटर और पौधों के बीच 40-50 सेंटीमीटर की दूरी बनाए रखनी चाहिए।

पशुओं की देखभाल

पशुओं के प्रबंधन को लेकर मालिकों को उचित पोषण और स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है। पशुओं को हरा चारा और सूखा चारा बराबर मात्रा में मिलाकर देना चाहिए, साथ ही रोजाना 20 से 30 ग्राम खनिज मिश्रण और नमक देना चाहिए। कीड़ों से बचाने के लिए किसानों को सलाह दी जाती है कि वे मच्छर, मक्खी और अन्य परजीवी कीड़ों के पनपने से रोकने के लिए पशुओं के शेड के अंदर और आसपास नियमित रूप से चूने का छिड़काव करें।

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment