भागलपुर जिले में अक्टूबर की शुरुआत के साथ मौसम में बड़ा बदलाव आया है। पिछले महीने की उमस भरी गर्मी सिर्फ चार दिनों में खत्म हो गई है, जिससे दिन में तेज धूप के बावजूद लोगों को भारी परेशानी से राहत मिली है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, तापमान में यह सुहाना बदलाव मानसून के लौटने और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के सक्रिय होने के कारण आया है।
शाम ढलते ही हवा में हल्की ठंडक महसूस होने लगी है और रात 10 बजे तक साफ ठंडक का अहसास हो रहा है। रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आई है, जो गुलाबी ठंड की औपचारिक शुरुआत का संकेत है। देर रात यात्रा करने वाले मोटर चालकों को अब गर्म कपड़े या विंडचीटर पहनने की जरूरत महसूस हो रही है।
आने वाले त्योहारों को देखते हुए मौसम विभाग ने तापमान में और गिरावट का अनुमान लगाया है। 10 अक्टूबर को महालया और 11 अक्टूबर को कलश स्थापना के साथ शारदीय नवरात्रि शुरू होने पर भी यह सुहाना मौसम बने रहने की उम्मीद है। दुर्गा पूजा के दौरान पंडालों और मेलों में जाने वाले भक्त उमस या गर्मी के बिना त्योहारों का आनंद ले सकेंगे।