Bhagalpur Weather Update: बारिश से मौसम हुआ सुहाना, आज भी गरज-चमक के साथ बरसेंगे बादल

भागलपुर में मंगलवार को 17.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम काफी सुहाना हो गया है। दिनभर बादलों की आवाजाही और बारिश की वजह से तापमान में गिरावट आई है, जिससे स्थानीय लोगों को उमस और गर्मी से बड़ी राहत मिली है। मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे। जिले के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ जगहों पर एक-दो बार तेज बारिश भी हो सकती है।
आईएमडी भागलपुर केंद्र के वैज्ञानिक अनुपम साह ने बताया कि मानसून ट्रफ वर्तमान में अनूपगढ़, दिल्ली, शाहजहांपुर, बस्ती और छपरा से होते हुए नागालैंड तक फैला है। साथ ही मध्य और ऊपरी क्षोभमंडल में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के मध्य भागों में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। उत्तर-पूर्वी असम और आसपास के क्षेत्रों में भी निचले स्तर पर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है।
इन सभी मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से भागलपुर और आसपास के जिलों में असर दिखेगा। कुछ स्थानों पर कम समय के लिए तेज बारिश हो सकती है। विभाग ने चेतावनी दी है कि बारिश के दौरान वज्रपात (बिजली गिरना) और तेज हवाएं चल सकती हैं। इसलिए लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर न रहें और सुरक्षित जगहों पर शरण लें।