शादी और सर्दियों की दस्तक से चमका भागलपुर का बाजार, 2 अरब के कारोबार की उम्मीद
शादी और सर्दियों के मौसम ने भागलपुर के बाजारों में जान फूंक दी है। कपड़ों और इलेक्ट्रॉनिक सामानों की बिक्री से 2 अरब का कारोबार होने की उम्मीद है।

सर्दियों की आहट और शादी-ब्याह के सीजन ने भागलपुर के बाजारों की रौनक पूरी तरह बदल दी है। शहर के फुटपाथों से लेकर बड़े ब्रांडेड शोरूम तक, हर जगह गर्म कपड़ों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भारी मांग देखी जा रही है। व्यापारियों का अनुमान है कि इस सीजन में ऊनी कपड़ों और इलेक्ट्रॉनिक सामानों का कुल कारोबार 2 अरब रुपये के आंकड़े को पार कर जाएगा।
बाजार में इस समय हर बजट के ग्राहकों के लिए विकल्प मौजूद हैं। जहां एक तरफ ब्रांडेड शोरूम में 25 हजार रुपये तक के ब्लेजर्स, 15 हजार रुपये तक की जैकेट और 11 हजार रुपये तक के महंगे स्वेटर बिक रहे हैं, वहीं फुटपाथ और स्थानीय दुकानों पर कम कीमत वाले स्वेटर, मफलर, टोपी, कंबल और रजाई की बिक्री जोरों पर है।
ब्रांडेड कपड़ों और इलेक्ट्रॉनिक्स की भारी डिमांड
शोरूम मालिक पीके घोष के अनुसार, शादी के सीजन और ठंड की वजह से उनके बिजनेस में करीब 40 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। उनके पास 20 हजार रुपये से ऊपर के ब्लेजर्स और 5 हजार रुपये तक की जैकेट की काफी मांग है। वहीं, अन्य बड़े शोरूम्स में वाटरप्रूफ जैकेट भी उपलब्ध हैं, जो बारिश और बर्फबारी वाले इलाकों के लिए उपयोगी होते हैं।
कपड़ों के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। लोग रूम हीटर, ब्लोअर, गीजर और इमर्शन रॉड की जमकर खरीदारी कर रहे हैं। आदित्य विजन के मैनेजर संजय कुमार ने बताया कि उनके पास 9 हजार से 25 हजार रुपये तक के ऑयल-फिल्ड रेडिएटर (OFR) और 14 हजार रुपये तक के वॉल्ट हीटर उपलब्ध हैं। किचन गीजर की कीमत 5 हजार तक है, जबकि स्टैंडर्ड गीजर 26 हजार रुपये तक जा रहे हैं।
पूर्वी बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पूर्व अध्यक्ष और थोक व्यापारी श्रवण बाजोरिया ने बताया कि भागलपुर न केवल स्थानीय लोगों के लिए, बल्कि पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और झारखंड के साहिबगंज, गोड्डा, दुमका व राजमहल जैसे इलाकों के लिए भी एक बड़ा केंद्र है।
बाजोरिया के मुताबिक, केवल ऊनी कपड़ों का कारोबार 1 अरब रुपये और इलेक्ट्रॉनिक सामानों का व्यापार भी 1 अरब रुपये से अधिक होने की उम्मीद है। हालांकि, उन्होंने यह भी जिक्र किया कि एक पुल हादसे की वजह से व्यापार पर थोड़ा असर पड़ा है, वरना कारोबार और भी बेहतर हो सकता था।
महिलाओं और युवतियों के बीच इस बार नए डिजाइन के गर्म कपड़े काफी लोकप्रिय हो रहे हैं। ऊनी व्यापारी मोहम्मद परवेज ने बताया कि हेयर वूल के स्वेटर, जो हल्के और मुलायम होते हैं, 2,500 रुपये तक में बिक रहे हैं। साथ ही, 300 से 1100 रुपये के बीच मिलने वाले पोंचो (स्वेटर स्टाइल शॉल) की भी काफी मांग है।