भागलपुर जिला के सबौर थाना क्षेत्र में पुलिस कर्मी पर बदसलूकी और मारपीट का गंभीर आरोप लगा है। एक महिला ने इस मामले में न्याय की मांग करते हुए पुलिस महानिरीक्षक (IG) के पास औपचारिक आवेदन दिया है।
- सबौर थाना क्षेत्र के बाबूपुर में घटना
- महिला ने एएसआई पप्पू कुमार पर लगाया आरोप
- घटना 28 सितंबर 2026 की दोपहर 3 बजे की है
पीडिता के अनुसार 28 सितंबर 2026 को दोपहर लगभग 3 बजे, सबौर थाना क्षेत्र के बाबूपुर स्थित उसके घर में एएसआई पप्पू कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने यह दावा किया कि परिसर में अवैध शराब बेची जा रही है और वहां हंगामा शुरू कर दिया। शिकायत के मुताबिक जब परिवार ने इन आरोपों का विरोध किया, तो एएसआई पप्पू कुमार ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
अधिकारी पर पूरे परिवार को जान से मारने और झूठे आपराधिक मामलों में फंसाने की धमकी देने का आरोप है। पीड़िता का यह भी कहना है कि जब परिवार के सदस्यों ने इसका विरोध किया, तो पुलिस ने धक्का-मुक्की और शारीरिक मारपीट की। आईजी को दिए गए अपने आवेदन में शिकायतकर्ता ने इस घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है और सबौर थाना प्रभारी तथा एएसआई पप्पू कुमार के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है।