भागलपुर रेलवे स्टेशन के पास रेल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। उल्टा पुल के नीचे से 4 किलो गांजा के साथ एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।
- भागलपुर रेलवे स्टेशन परिसर में जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई
- उल्टा पुल के नीचे घेराबंदी कर महिला तस्कर रंगे हाथ गिरफ्तार
- गिरफ्तार महिला के पास से 4 किलोग्राम गांजा जब्त
- जीआरपी इंस्पेक्टर नसीम अहमद और आरपीएफ इंस्पेक्टर ए.के. गिरी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
रेल पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि स्टेशन परिसर के पास मादक पदार्थों की बड़ी खेप की डिलीवरी होने वाली है। सूचना मिलते ही दोनों थानों के अधिकारियों ने मिलकर एक टीम बनाई और उल्टा पुल के नीचे संदिग्धों पर नजर रखनी शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर महिला को पकड़ लिया और उसके पास से 4 किलो गांजा बरामद किया।
पुलिस की गिरफ्त में आई महिला तस्कर की पहचान पूर्णिया जिले के रुपौली की रहने वाली 27 वर्षीय महिला के रूप में हुई है। पुलिस जांच कर रही है कि वह गांजे की यह खेप कहां से लाई थी और भागलपुर में किसे डिलीवर किया जाना था। रेल पुलिस के लिए पिछले 48 घंटों में नशा तस्करों के खिलाफ यह दूसरी बड़ी सफलता है। इससे पहले संयुक्त टीम ने कविगुरु एक्सप्रेस ट्रेन में छापेमारी कर भारी मात्रा में लावारिस गांजा बरामद किया था। इन लगातार कार्रवाइयों से तस्करी करने वाले सिंडिकेट में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और महिला से पूछताछ की जा रही है।