भागलपुर में हैरान करने वाली खबर, सिपाही पति पर पत्नी ने किया केस

भागलपुर के बरारी थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने पुलिसकर्मी पति के खिलाफ लगातार प्रताड़ित करने और धमकाने का मामला दर्ज कराया है। आरोपी पति का नाम दीपक है, जो वर्तमान में पटना जिला पुलिस बल में तैनात है और मूल रूप से सहरसा के गौतम नगर, गंगाजला कोसी चौक का रहने वाला है। यह दंपत्ति फिलहाल भागलपुर के बरारी इलाके में रहता है।
शिकायतकर्ता महिला ने बताया कि उसके पति ने भाई और भाभी के बहकावे में आकर उसे परेशान करना शुरू किया। महिला ने बताया कि उसने पहले भी बरारी और महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पति ने दोबारा ऐसा न करने का बॉन्ड भरा था। हालांकि, महिला का आरोप है कि इसके बावजूद प्रताड़ना का दौर जारी रहा।
दीपक बच्चों के साथ मारपीट करता था
शिकायत के अनुसार, दीपक उनके बच्चों के साथ मारपीट करने लगा और अपनी पत्नी को यह कहकर धमकाने लगा कि पुलिस अधिकारी होने के कारण उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। बढ़ते हुए अत्याचार के कारण 17 अगस्त को वह महिला अपने बच्चों के साथ भागलपुर के बूढ़ानाथ स्थित अपने भाई के घर चली गई।
बच्चों को रास्ते से अगवा करने की धमकी
महिला ने बताया कि उसका पति वहां से भी उसे लगातार धमकियां दे रहा है, जिसमें रास्ते से बच्चों को अगवा करने की धमकी भी शामिल है। इसी डर के कारण महिला ने बच्चों को स्कूल भेजना बंद कर दिया है। महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि उसके पति ने उसके परिवार के सदस्यों को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और इस मामले की जांच शुरू कर दी है।