बिपिन मंडल का कड़ा आदेश: इस्माइलपुर-बिंदटोली रिंग बांध की तुरंत हो मरम्मत

भागलपुर जिला परिषद अध्यक्ष बिपिन कुमार मंडल ने शनिवार सुबह जल संसाधन विभाग के एक कनिष्ठ अभियंता के साथ इस्माइलपुर-बिंदटोली रिंग बांध का निरीक्षण किया। इस निरीक्षण में संरचना में कई कमियां पाई गईं, जिसके बाद जिला परिषद अध्यक्ष ने सभी कमियों को तुरंत ठीक करने का आदेश दिया।
बांध की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बिपिन कुमार मंडल ने अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त रोशनी लगाने और ट्रैक्टर से लगातार गश्त कर निगरानी रखने का निर्देश दिया। इसके अलावा, उन्होंने बारिश और नदी के बढ़ते पानी के दबाव से होने वाले नुकसान को रोकने के लिए बांध पर 'रेन कट' को तुरंत भरने का आदेश दिया।
जिला परिषद अध्यक्ष मंडल ने कहा कि बांध की सुरक्षा में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अगली निरीक्षण के समय तक पाई गई कमियां दूर नहीं की गईं, तो वे जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने के लिए विभाग को लिखेंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि बाढ़ के खतरे को देखते हुए रिंग बांध की लगातार निगरानी और समय पर मरम्मत बेहद जरूरी है।
जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता गौतम कुमार ने बताया कि वर्तमान में रेत की बोरियों से रेन कट को भरा जा रहा है और बांध की लगातार निगरानी की जा रही है।