सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर धूमधाम से मनाई गई भारतेंदु हरिश्चंद्र की जयंती

MyBhagalpur Team11 September 20261 min read15 viewsCity Local
सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर धूमधाम से मनाई गई भारतेंदु हरिश्चंद्र की जयंती

भागलपुर में मालदा रेल मंडल के राजभाषा विभाग के तत्वावधान में शुक्रवार को सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर हिंदी साहित्य के प्रख्यात साहित्यकार भारतेंदु हरिश्चंद्र की जयंती का गरिमामय आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन और स्टेशन प्रबंधक की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रेल कर्मचारियों और साहित्यकारों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ अनुवादक विद्यासागर राम के स्वागत भाषण से हुई। इसके बाद उपस्थित अतिथियों और रेलकर्मियों ने भारतेंदु हरिश्चंद्र के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर बाहर से आए आमंत्रित वक्ताओं को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित भी किया गया। समारोह में साहेबगंज से श्याम लोचन और अभय कुमार, जमालपुर से मीनाक्षी कुमारी, प्रमोद निराला और नंदन कुमार, भागलपुर से सच्चिदानंद किरण तथा पटना से आए विनय कुमार झा विमल सहित कई स्थानीय वक्ताओं ने भारतेंदु जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि भारतेंदु हरिश्चंद्र हिंदी साहित्य जगत के अद्वितीय साहित्यकार एवं जनकवि थे। उनकी रचनाओं ने न केवल हिंदी को नई दिशा दी, बल्कि देश में सामाजिक चेतना को भी सशक्त किया। उनकी साहित्यिक कृतियाँ आज के परिवेश में भी पूरी तरह प्रासंगिक हैं। मालदा मंडल पूर्व रेलवे द्वारा राजभाषा हिंदी के प्रयोग और प्रसार को बढ़ावा देने के लिए ऐसे आयोजन लगातार किए जाते हैं। अधिकारियों के अनुसार, इस प्रकार के कार्यक्रमों से रेल कर्मचारियों में हिंदी के प्रति रुचि, साहित्यिक चेतना और राजभाषा के प्रति सम्मान की भावना और अधिक मजबूत होती है।

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment