भास्कर महोत्सव 2026: बुद्धनाथ घाट पर गूंजे छठ गीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
भागलपुर के बुद्धनाथ घाट पर भास्कर महोत्सव के तहत छठ परंपराओं का शानदार प्रदर्शन हुआ। लोक गीतों और नृत्य से सजी रही शाम।

भागलपुर के प्रसिद्ध बुद्धनाथ घाट पर शुक्रवार की शाम बेहद खास रही। मौका था भास्कर महोत्सव भागलपुर का, जहां छठ महापर्व की समृद्ध परंपराओं को एक सांस्कृतिक संध्या के जरिए जीवंत किया गया। बिहार सरकार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग और जिला प्रशासन के साझा प्रयास से आयोजित इस कार्यक्रम में आस्था, प्रकृति प्रेम और सूर्य उपासना का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत लोक गीतों और नृत्य से हुई, जिसने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। लोक गायिका अर्पिता चौधरी और उनकी टीम ने जब पारंपरिक छठ गीत गाए, तो वहां मौजूद श्रद्धालु और दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। इन गीतों के जरिए न केवल त्योहार की धार्मिक महत्ता को बताया गया, बल्कि गंगा की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
युवा कलाकारों ने पेश की सांस्कृतिक झांकियां
इस शाम का मुख्य आकर्षण आम्रपाली आर्ट ट्रेनिंग सेंटर के विद्यार्थियों की प्रस्तुतियां रहीं। राजकुमारी चंद्रकांता यादव के नेतृत्व में सुरभि, सुप्रिया, मोहिनी, मासूम, साक्षी और कशिश ने नृत्य और झांकियों के माध्यम से छठ पूजा की रस्मों, सूर्य देव की आराधना और सामाजिक समरसता को खूबसूरती से प्रदर्शित किया।
जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी अंकित रंजन ने बताया कि भास्कर महोत्सव का मुख्य उद्देश्य स्थानीय और युवा कलाकारों को एक मंच प्रदान करना है, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी रहें। इस आयोजन में जिला प्रशासन के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया।
बता दें कि छठ पर्व के समापन (पारण) के अवसर पर सुल्तानगंज के नमामि गंगे घाट पर भी एक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जो इस उत्सव की रौनक को और बढ़ाएगा।