बिहपुर: बमनगामा सड़क योजना में 60 लाख के गबन का आरोप, भाजपा ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

बिहपुर प्रखंड में सड़क निर्माण में बड़ी गड़बड़ी का मामला सामने आया है। सोमवार को भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रखंड कार्यालय पहुंचकर डीएम के नाम बीओओ अभिनव भारती को एक ज्ञापन सौंपा। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जिला कार्यकारिणी सदस्य निरंजन चौधरी ने किया।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि बमनगामा पंचायत में साल 2019 में एक पीसीसी सड़क बनाई गई थी। अब उसी सड़क के नाम पर दोबारा 60.82 लाख रुपये की योजना दिखाकर सरकारी राशि का गबन किया गया है।
भाजपा ने इस पूरे मामले में अरुण कंस्ट्रक्शन कंपनी और ग्रामीण कार्य विभाग के अधिकारियों की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी है कि अगर इस मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे अपनी मांगों को लेकर जनता दरबार जाएंगे।