गंगा का बढ़ा जलस्तर: ब्रह्मोत्तर बांध की मरम्मत शुरू, सीओ ने किया दौरा

MyBhagalpur Team29 August 20261 min read20 viewsCity Local
गंगा का बढ़ा जलस्तर: ब्रह्मोत्तर बांध की मरम्मत शुरू, सीओ ने किया दौरा

गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और लगातार हो रही बारिश को देखते हुए भागलपुर के गोपालपुर प्रखंड में ब्रह्मोत्तर बांध की सुरक्षा के लिए काम शुरू कर दिया गया है। जलसंसाधन विभाग ने बांध में हुए कटाव को ठीक करने के लिए युद्धस्तर पर मरम्मत का काम शुरू कर दिया है। गोपालपुर के अंचलाधिकारी रौशन कुमार ने ब्रह्मोत्तर बांध का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बांध की स्थिति को देखा और जलसंसाधन विभाग के कनीय अभियंता संजीव कुमार से फ्लड फाइटिंग और रिपेयरिंग के काम की पूरी जानकारी ली। सीओ ने बताया कि पूरे बांध पर नजर रखी जा रही है और जहां भी कटाव हो रहा है, वहां तुरंत मरम्मत कराई जा रही है। बांध पर काम शुरू होने से स्थानीय लोगों ने राहत महसूस की है।

अतिक्रमण का मामला आया सामने

निरीक्षण के समय इस्माइलपुर-बिंट टोली बांध के स्पर संख्या 8 और 9 के बीच फिर से अतिक्रमण होने की बात सामने आई। इस पर सीओ रौशन कुमार ने बताया कि अगर बांध पर दोबारा अतिक्रमण हुआ है, तो उसे जल्द हटाया जाएगा। पिछली बार भी प्रशासन ने इसे हटवाया था। पिछले साल बाढ़ के समय बांध पर अवैध घरों और अतिक्रमण की वजह से प्रशासन को राहत और बचाव कार्य में बहुत परेशानी हुई थी। जिला आपदा प्रबंधन शाखा और जल संसाधन विभाग पहले ही अतिक्रमण हटाने के लिए पत्र दे चुके हैं। समय रहते इसे नहीं हटाया गया, तो इस बार भी आपदा के समय बड़ी दिक्कत आ सकती है।

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment