कहलगांव में कार ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, मधेपुरा का पूरा परिवार घायल, पिता-पुत्री रेफर

कहलगांव के परबत्ता थाना क्षेत्र में जियो पेट्रोल पंप के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। यहाँ एक कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दंपती और उनकी 10 साल की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल परिवार महादेवपुर घाट से गंगाजल लेकर मधेपुरा स्थित बाबा सिहेश्वर स्थान में जलाभिषेक करने जा रहा था।
घायलों की पहचान मधेपुरा जिले के सिहेश्वर थाना क्षेत्र के एकधारा गांव निवासी दिलखुश मंडल (34 वर्ष), उनकी पत्नी पूजा देवी (25 वर्ष) और पुत्री अनुष्का कुमारी (10 वर्ष) के रूप में हुई है। हादसे के तुरंत बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची, जहाँ पुलिस पदाधिकारी राहुल राज और चालक चंद्रभूषण कुमार ने तीनों घायलों को नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दिलखुश मंडल और उनकी बेटी अनुष्का कुमारी की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया है। बताया गया है कि इस दुर्घटना में दिलखुश मंडल का हाथ और पैर टूट गया है, जबकि अनुष्का और पूजा की चोटों के कारणों की जांच की जा रही है।