ऑनलाइन परीक्षाओं में कदाचार रोकने को लेकर भागलपुर साइबर पुलिस ने चलाया सघन जांच अभियान

भागलपुर साइबर पुलिस ने ऑनलाइन परीक्षाओं में धोखाधड़ी रोकने के लिए साइबर कैफे का औचक निरीक्षण किया और संचालकों को सख्त चेतावनी दी।

Talat Praveen27 November 20261 min read0 viewsCity Local
ऑनलाइन परीक्षाओं में कदाचार रोकने को लेकर भागलपुर साइबर पुलिस ने चलाया सघन जांच अभियान

भागलपुर जिले में चल रही और आने वाली ऑनलाइन परीक्षाओं को पूरी तरह निष्पक्ष और कदाचारमुक्त बनाने के लिए साइबर पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। शुक्रवार को साइबर पुलिस ने शहर के विभिन्न हिस्सों में सघन जांच अभियान चलाया ताकि किसी भी तरह की धोखाधड़ी या अनियमितता की गुंजाइश न रहे।

पुलिस उपाधीक्षक (साइबर) के नेतृत्व में साइबर थाना की टीम ने शहर के कई ऑनलाइन परीक्षा केंद्रों के पास स्थित साइबर कैफे और अन्य संबंधित प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस टीम ने न केवल कंप्यूटर सिस्टम और इंटरनेट नेटवर्क की बारीकी से पड़ताल की, बल्कि वहां हो रही गतिविधियों पर भी पैनी नजर रखी।

साइबर कैफे संचालकों को सख्त हिदायत

जांच के दौरान पुलिस अधिकारियों ने सभी कैफे संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे परीक्षा की गोपनीयता और पारदर्शिता के साथ कोई समझौता न करें। पुलिस ने सख्त चेतावनी दी है कि यदि कोई भी संचालक किसी संदिग्ध गतिविधि में शामिल पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

साथ ही, संचालकों को यह भी कहा गया कि यदि उन्हें अपने प्रतिष्ठान या आसपास किसी भी प्रकार की संदिग्ध हलचल नजर आती है, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य ऑनलाइन परीक्षाओं के दौरान होने वाली साइबर धोखाधड़ी पर पूरी तरह अंकुश लगाना है। भागलपुर पुलिस ने साफ कर दिया है कि परीक्षाओं की शुचिता बनाए रखने के लिए इस तरह की निगरानी और छापेमारी आगे भी जारी रहेगी।

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment