भागलपुर-पिंडी रोड पर बुधवार रात को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। काम के सिलसिले में भागलपुर गए 35 वर्षीय दुर्गेश पांडे रात करीब 10:00 बजे अपनी साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान मेल थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर लगने के बाद साइकिल पिकअप में फंस गई और वाहन चालक दुर्गेश पांडे को करीब 200 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। इस भयानक हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल दुर्गेश पांडे को भागलपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें देवरिया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां गुरुवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक दुर्गेश पांडे इशारू गांव के रहने वाले थे। उनके परिवार में उनका 10 साल का बेटा और 8 साल की बेटी हैं।