भागलपुर में भव्यता से मना दशलक्षण महापर्व, जाने क्या कहा वक्ताओं ने

भागलपुर के नाथनगर के कबीरपुर स्थित श्री चंपापुर दिगंबर जैन सिद्ध क्षेत्र में दशलक्षण महापर्व का चौथा दिन बहुत धूमधाम से मनाया गया। यहाँ जैन श्रद्धालुओं ने सुबह से ही मंदिर परिसर में इकठ्ठा होकर उत्तम शौच धर्म की पूजा और अनुष्ठान किए। इस दौरान आचार्य सौरभ सागर जी द्वारा लिखित 'दशलक्षण महापूजन' पुस्तक का विमोचन किया गया। इस पुस्तक का अनावरण मुख्य अतिथि पूर्वी क्षेत्र के डाक निदेशक अभिषेक जैन, क्षेत्र के मंत्री सुनील जैन और जयकुमार कला ने मिलकर किया।
गुजरात के बड़ौदा से आए भूपत राय गांधी ने सभा को संबोधित करते हुए बताया कि उत्तम शौच धर्म मन, वचन और शरीर की पवित्रता के साथ-साथ लालच को छोड़ना है। उन्होंने कहा कि जब तक इंसान के दिल में लालच रहता है तब तक असली खुशी नहीं मिल सकती है और संतोष ही सबसे बड़ा धन है, जिससे संतुष्ट व्यक्ति हमेशा खुश रहता है।
क्षेत्र के मंत्री सुनील जैन ने बताया कि इस पर्व का पांचवा दिन उत्तम सत्य धर्म की पूजा पर केंद्रित होगा। इस कार्यक्रम में नीमच राजस्थान के नरेंद्र जैन, गुना मध्य प्रदेश के अभय चौधरी, दीनदयाल उपाध्याय उत्तर प्रदेश के अंकित जैन, मंगलोर के धनंजय जैन, जयपुर राजस्थान के अतुल जैन, दिल्ली के प्रथमेश जैन, और शांति बाड़त्या, कमलेश पाटनी व संदीप कुरुमावाला समेत कई लोग मौजूद रहे।